Video: मुख्यमंत्री योगी मैनपुरी में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में किया रोड शो, सपा कांग्रेस पर साधा निशाना

Video: मुख्यमंत्री योगी मैनपुरी में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में किया रोड शो, सपा कांग्रेस पर साधा निशाना

मैनपुरी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को मैनपुरी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार प्रदेश के पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह के पक्ष में रोड शो किया। यह रोड शो शहर के क्रिश्चियन कालेज तिराहे से शुरू होकर करहल रोड के महाराणा प्रताप चौक पर नवनिर्मित महाराणा प्रताप की भव्य मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ सम्पन्न हुआ। रोड शो के दौरान जनता ने जगह-जगह मुख्यमंत्री के रथ पर पुष्प वर्षा की।

रथ पर मैनपुरी से भाजपा प्रत्याशी ठाकुर जयवीर सिंह, कन्नौज से विधायक एवं मंत्री असीम अरूण, मंत्री संदीप सिंह, भोगांव से विधायक रामनरेश अग्निहोत्री भी मौजूद थे। आर्य समाज परिसर से भावंत चौराहे तक रोड शो में सड़कों पर दर्जनों बुलडोजर खड़े रहे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अपने सम्बोधन में कहा कि जनता का उत्साह बता रहा है कि मैनपुरी भी इस बार परिवर्तन की राह पर चल रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया, ''सपा-कांग्रेस का गठबंधन भारत को एक बार फिर से गुलामी की ओर धकेलने की साजिश का हिस्सा है। ये लोग अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ी जाति के आरक्षण के अधिकार पर सेंध लगाकर अल्पसंख्यकों को देने की साजिश कर रहे हैं। देश के अंदर मुस्लिम तुष्टिकरण की पराकाष्ठा पर चलते हुए कांग्रेस गोहत्या को प्रश्रय देने की कुत्सित चेष्टा भी कर रही है।’’

आदित्यनाथ ने कहा, ''पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का पूरा जीवन श्रीराम एवं प्रदेश के विकास के लिए समर्पित था। उनके निधन पर सपा ने संवेदना के एक शब्द भी नहीं व्यक्त किए थे। वहीं मुलायम सिंह के निधन पर मैं उनके घर गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संवेदना व्यक्त की थी। जो सपा बाबू कल्याण सिंह का अपमान करती हो, आस्था से खिलवाड़ करती हो, ऐसी परिवारवादी समाजवादी पार्टी को कांग्रेस के साथ गठबंधन की सजा दी जानी चाहिए।'' मैनपुरी में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में आगामी सात मई को मतदान होगा।

यह भी पढ़ें:-बसपा ने यूपी में गोंडा समेत 6 उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान, कैसरगंज से नरेंद्र पांडेय को दिया टिकट