बदायूं में बोले रक्षामंत्री, विधानसभा चुनाव में उतारी सपा की साइकिल की चेन...अब मत चढ़ाना
प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने का आह्वान करते रक्षामंत्री
बदायूं, अमृत विचार। जनसभा में रक्षामंत्री का भाषण सुनने को लोग उत्साहित दिखे। रक्षामंत्री जनसभा स्थल पहुंचे तो जनप्रतिनिधियों ने गदा देकर, माल्यार्पण करके, भगवान श्रीराम का फोटो देकर स्वागत किया। अपने संबोधन में रक्षामंत्री ने कहा कि आप लोगों ने विधानसभा में सपा की साइकिल चेन उतार दी थी। इस चेन को उतरे ही रहने देगा। अब मत चढ़ाना। रक्षामंत्री की इस पंक्ति ने खूब तालियां बटोरीं।
बुधवार दोपहर 2 बजकर 13 मिनट पर रक्षामंत्री मंच पर पहुंचे। उनका स्वागत किया गया। दोपहर 2 बजकर 32 मिनट पर रक्षा मंत्री ने भारत माता की जयकार के साथ अपना संबोधन शुरू किया। कहा कि आप लोगों ने पगड़ी पहनाकर सम्मान दिया है तो मैं वह शीष झुकाकर अभिनंदन करता हूं। कहा कि आपने बहुत सी सरकार देखी होंगी। जनता जागरूक है। वह जानती है कि मोदी ने अपने 10 साल के कार्यकाल में क्या क्या किया।
मोदी सरकार पर कभी सवालिया निशान नहीं उठे। भारत को नजरअंदाज करने वाले देश अब भारत की हर बार गौर से सुनते हैं। मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ की बैठक में मोदी ने योग का महत्व बताते हुए प्रस्ताव दिया। 172 देशों का समर्थन मिला। जिसके बाद विश्व योग दिवस की शुरूआत हुई। भाजपा ने जो भी कहा है वह करके दिखाया है। भाजपा ने रामलला हम आएंगे मंदिर यहीं बनाएंगे का नारा दिया। आज रामलला महल में प्रवेश कर चुके हैं।
रामराज स्थापित हो गया है। भाजपा ने धारा 370 और तीन तलाक समाप्त किया। अन्य लोगों ने कहा कि दूसरे समुदाय के मामलों से क्या मतलब है लेकिन हर मां-बेटी, बहन भाजपा की हैं। उनकी परेशान हमारी परेशानी है। कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि केंद्र से 100 रुपये भेजे जाते हैं तो जनता को 14 रुपये मिल पाते हैं। बाकी भ्रष्टाचार में चला जाता है। उन्होंने अपनी मजबूरी जाहिर की थी।
कांग्रेस की सरकारों में बहुत भ्रष्टाचार हुए। मंत्रियों को जेल तक की हवा खानी पड़ी। सरकार कैसे चलती है भाजपा को पता है। भाजपा सरकार ने केंद्र से चले रुपये शतप्रतिशत जनता तक पहुंचते हैं। 10 साल के मोदी के कार्यकाल में 10 साल में भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा। कहा कि 2014 से पहले अन्य देशों से शस्त्र मंगवाकर देश की सुरक्षा होती थी। 600 करोड़ के नट बोल्ट बेचते थे लेकिन आज 21 हजार करोड़ रुपये की रक्षा सामग्री दे रहे हैं। हमने अन्य देश को मिसाइल, टैंक आदि बेचे हैं।
आश्वासन दिया कि जिस किसी को अभी तक आवास नहीं मिले हैं अगले दो साल में सभी को आवास मिलेंगे। किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि शौचालय पर भी कोई ध्यान दे सकता है। भाजपा ने शौचालय बनवाए। पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त कराई। राशन के बारे में कहा कि आपको राशन मिलता है। मजाक में कहा कि राशन बेचते भी होंगे। अगले पांच साल तक राशन मिलता रहेगा।
70 साल से उम्र के लोगों को 5 लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज मिलेगा। बताया कि अमेरिका के राजदूत ने कहा था कि अगर भविष्य देखना है तो भारत आओ। कहा कि सपा की साइकिल की चेन को दोबारा मत चढ़ने देना। आश्वासन दिया कि अगर आंवला और बदायूं के प्रत्याशी को रिकार्ड वोटों से जिताओगे तो वह जनता का धन्यवाद देने दोबारा आएंगे। जनता के साथ बैठकर दाल-चावल खाएंगे। उन्होंने 35 मिनट तक जनता को संबोधित किया।
सात मई को सपा गई : धर्मेंद्र कश्यप
भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि पहले आतंकवादी सिर काटकर ले जाते थे। आज देश घर में घुसकर मारने का काम करता है। मुख्यमंत्री की पहचान बुलडोजर बाबा के नाम से है। जिसका मुंह गुंडों की घर की तरफ होता है। चोर उचक्के कांपते हैं। आंवला से प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि तंबू से रामलला महल में आ गए हैं। उन पर कोई भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता।
अगर कोई आरोप होगा तो वह खुद ही चुनाव नहीं लड़ेंगे। एक तरफ राम भक्त हैं तो दूसरी तरफ राम भक्तों पर गोली चलाने वाले हैं। पुलवामां की घटना पर हमने बदला लिया। सेना ने 13 दिन बाद आतंवादियों की 13वीं कर दी। सात मई को सपा गई।
जनसभा में मंच पर यह रहे उपस्थित
जनसभा के दौरान मंच पर आंवला, बदायूं के प्रत्याशियों के अलावा पूर्व मंत्री सुरेश राणा, महाराज सिंह, राज्यसभा सांसद मिथलेश, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, सदर विधायक महेश गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, पूर्व विधायक सिनोद शाक्य व प्रेम स्वरूप पाठक, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, शैलेश पाठक, अशोक भारती, उसावां की चेयरमैन प्रियंका चौहान, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, संतोष सिंह आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढे़ं- बदायूं: जानलेवा हमला करने के दोषी मां और तीन बेटों को तीन-तीन साल की कोर्ट ने सुनाई सजा
