कांग्रेस ने कथित सैक्स स्कैंडल को लेकर सांसद रेवन्ना के खिलाफ किया प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग 

कांग्रेस ने कथित सैक्स स्कैंडल को लेकर सांसद रेवन्ना के खिलाफ किया प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग 

बेंगलुरु। कांग्रेस की महिला शाखा की सदस्यों ने कथित ‘सेक्स स्कैंडल’ में फंसे हासन के सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ रविवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रज्वल रेवन्ना जनता दल (सेक्युलर) के प्रमुख एच.डी. देवेगौड़ा के पोते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेवन्ना के खिलाफ नारे लगाए और उनके पोस्टर जलाए। 

रेवन्ना हासन लोकसभा क्षेत्र से राजग के उम्मीदवार हैं, जहां 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। कई महिलाओं के साथ उनके कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए हैं। रेवन्ना की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कांग्रेस के एक नेता ने कहा, ‘‘उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए और उन्होंने इन महिलाओं के साथ जो किया है उसके लिए उन्हें फांसी दी जानी चाहिए। 

इससे पूरे कर्नाटक का अपमान हुआ है।’’ कर्नाटक सरकार ने ‘अश्लील वीडियो मामले’ की जांच के लिए एक विशेष जांच दल की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘हासन जिले में अश्लील वीडियो क्लिप प्रसारित हो रहे हैं, जहां ऐसा प्रतीत होता है कि महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया गया है।’’ इस बीच, पुलिस सूत्रों ने कहा कि रेवन्ना देश से बाहर जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें- MP News: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रियंका पर साधा निशाना, ‘नकली’ गांधी बताया