मुरादाबाद : जयंत चौधरी बोले- अखिलेश हमे दबाना चाहते थे इसलिए टूटे संबंध

रालोद अध्यक्ष बोले- चौ.चरण सिंह को भारत रत्न देकर सरकार ने सभी किसानों का सम्मान किया

मुरादाबाद : जयंत चौधरी बोले- अखिलेश हमे दबाना चाहते थे इसलिए टूटे संबंध

मुरादाबाद/छजलैट/अमृत विचार। अखिलेश हमें दबाना चाहते थे, इसलिए उनसे संबंध टूट गए। लेकिन, राजनीति में सबके संबंध एक-दूसरे से रहते है। अखिलेश से मेरे संबंध पहले की तरह रहेंगे। चुनाव में काले पैसे का प्रयोग होता है। इसलिए इस पर अंकुश लगना चाहिए। यह बातें भाजपा-आरएलडी गठबंधन के प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहीं।

सोमवार को राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी छजलैट के भीकनपुर गांव में भाजपा-आरएलडी गठबंधन प्रत्याशी सर्वेश कुमार सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। जयंत चौधरी का आने का समय दोपहर तीन बजे था, लेकिन वह एक घंटा देरी से जनसभा में पहुंचे। उनके आने से पहले जनसभा स्थल पर रागनी से लोगों को जोड़े रखा। जयंत चौधरी के पहुंचते ही राष्ट्रीय लोकदल और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर सभी किसानों को सम्मानित किया है। भाजपा की सरकार बनने पर सत्ता की सारी बागडोर किसानों और कामगारों के हाथ में होगी। उन्होंने कहा कि सरकार आने पर किसानों के हितों में अनेक फैसले लिए जाएंगे।

 उन्होंने कहा कि वह जिस क्षेत्र में भी सभा करने जा रहे हैं। वहां भाजपा एवं रालोद कार्यकर्ताओं के अलावा सभी किसानों एवं आम नागरिकों द्वारा भारी समर्थन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने सभी किसानों से एकजुट होकर भाजपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया। वहीं भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण उनके पुत्र कुंवर सुशांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुरादाबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है। उनका कहना था कि भाजपा प्रत्याशी की जीत होने पर पूरी लोकसभा का विकास होगा।

 इस मौके पूर्व विधायक राजेश कुमार चुन्नू, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, रालोद जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, रालोद के वरिष्ठ नेता एडवोकेट अजीत चौधरी, अभिनय चौधरी, भाजपा के जिला महामंत्री राजन विश्नोई, भाजपा के क्षेत्रीय सहसंयोजक नवीन चौधरी, राष्ट्रीय लोक दल के पूर्व विधायक जाहिद हुसैन अंसारी, रालोद के प्रदेश सचिव राजवीर सिंह गुर्जर, मतलूब हुसैन, भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकेश माहेश्वरी, डॉ. जितेंद्र प्रजापति, संजय ढाका समेत अन्य लोग शामिल रहे। जनसभा का संचालन रालोद जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने किया।

ये भी पढ़ें : 'अबकी बार 400 पार 4 जून 4 बजे 4 सोमवार प्रचंड बहुमत की मोदी सरकार', मुरादाबाद में बोले केशव प्रसाद मौर्य