बरेली: मुलाकात, प्यार, तकरार और फिर एफआईआर
बरेली,अमृत विचार। सहारनपुर में भर्ती बोर्ड में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल का प्यार परवान चढ़ता इससे पहले एक डॉक्टर उनके बीच आ गया। जानकारी लगने पर सैन्य अधिकारी ने प्रेमिका को घर से निकाल दिया। साथ ही सहारनपुर में न्यायालय के माध्यम से प्रेमिका के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। जानकारी होने पर पहले तो …
बरेली,अमृत विचार। सहारनपुर में भर्ती बोर्ड में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल का प्यार परवान चढ़ता इससे पहले एक डॉक्टर उनके बीच आ गया। जानकारी लगने पर सैन्य अधिकारी ने प्रेमिका को घर से निकाल दिया। साथ ही सहारनपुर में न्यायालय के माध्यम से प्रेमिका के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। जानकारी होने पर पहले तो प्रेमिका समझौते के लिए भटकती रही है लेकिन समझौता कराने के लिए कोई आगे नहीं आया। इसके बाद प्रेमिका ने सैन्य अधिकारी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए थाना बारादरी में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, लेफ्टिनेंट कर्नल के चार वर्ष पहले बदायूं की एक युवती से प्रेम संबंध हो गए थे। दोनों एक-दूसरे के साथ जीने मरने की कसमें खाने लगे। इसी दौरान प्रेमिका ने सैन्य अधिकारी से मकान खरीदने की मांग की। भरोसा करके उन्होंने प्रेमिका के लिए बरेली में सैटेलाइट बस अड्डे के पास युवती के लिए मकान खरीदकर दे दिया। इसके बाद प्रेमिका इसी मकान में रहने लगी।
इससे पहले कि बात आगे बढ़ती, कर्नल का तबादला सहारनपुर के लिए हो गया। 11 माह तक जब सैन्य अधिकारी को अवकाश नहीं मिला तो आरोप है कि प्रेमिका बेवफाई की राह पर चल पड़ी। उसने एक डॉक्टर से संबंध बना लिए। इसकी जानकारी किसी ने लेफ्टिनेंट कर्नल को दे दी। प्यार में मिले धोखे से सैन्य अधिकारी को सदमा लगा और उन्होंने सहारनपुर कोर्ट से प्रेमिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
गलती की माफी मांगती रही प्रेमिका
मुकदमा दर्ज होने के बाद जब प्रेमिका के पास नोटिस पहुंचा तो वह हिल गई और सैन्य अधिकारी से समझौता करने के लिए भटकती रही। उनसे माफी भी मांगती रही। कर्नल ने धोखेबाज हसीना को माफ नहीं किया और वह कार्रवाई पर अडिग रहे। जब सैन्य अधिकारी नहीं माने तो प्रेमिका ने बारादरी थाने में तहरीर दे दी।
दुष्कर्म और गर्भपात कराने का लगाया आरोप
समझौता न होने से प्रेमिका ने सोचा कि वह फंस जाएगी तो वह भी बारादरी थाने पहुंच गई। उसने चार बार में एक प्रार्थना पत्र लिखा। सैन्य अधिकारी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि लेफ्टिनेंट कर्नल ने उससे प्यार किया। शारीरिक संबंध और कई बार गर्भपात कराया लेकिन शादी नहीं की। तब उसने कर्नल पर शादी का दबाव बनाया। इससे वह मुकर गए। प्रेमिका ने थाना बारादरी में तहरीर देकर लेफ्टिनेंट कर्नल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
