भ्रष्टाचारियों की लूटी रकम देश को लौटाना मोदी की गारंटी :संजय राय
लूटो और राज करो की बुनियाद पर बना इंडी गठबंधन, भाजपा के केंद्रीय कार्यालय का हुआ उद्घाटन
बाराबंकी, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री और क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय ने मंगलवार को आवास विकास स्थित भाजपा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा, जिला प्रभारी अवनीश सिंह, जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य और लोकसभा प्रत्याशी राजरानी रावत समेत तमाम नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यालय उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय ने इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन देश के भ्रष्टाचारियों को बचाने में जुटा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनपर नकेल कसते हुए देश से भ्रष्टाचार हटाओ की मुहिम छेड़े हुए हैं। सभी भ्रष्टाचारियों को देश की लूटी हुई रकम की पाई पाई लौटानी होगी, यह मोदी की गारंटी है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष इंडी गठबंधन के नाम पर लूटो और राज करो की नीति पर एकजुट हुआ है। उसके नेता आए दिन झूठ बोलकर या सनातन धर्म को गाली देकर देश को बदनाम करने पर उतारू हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, हेमंत सोरेन, लालू यादव, अरविंद केजरीवाल सहित कई नेताओं के नाम लेकर तंज करसे हुए संजय राय ने कहा कि इंडी गठबंधन के ज्यादातक नेता या तो जेल में है या फिर जमानत पर रिहा हैं। देश में इंडी गठबंधन के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। विपक्षी दलों ने भ्रष्टाचार को शिष्टाचार बना लिया है। प्रदेश ने सपा शासन के दौरान भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, माफियाराज और दंगों का दंश झेला है। विपक्षी नेता मोदी और देश को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। यह गठबंधन घोटालेबाजों की बारात है, जाे देश को लूटना चाहते हैं। सभी मिलकर नरेंद्र मोदी को रोकना चाहते हैं, लेकिन वह रुकने वाले नहीं हैं।
संजय राय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में पार्टी शून्य हो गई है। रायबरेली से सोनिया गांधी का पलायन कांग्रेस की जमीनी हकीकत बयां करती है। इंडी गठबंधन की बात करने वाले कांग्रेसी आकाश से लेकर पाताल तक और आजादी से लेकर आज तक घोटालों में लिप्त रहे हैं। उन्होंने रामचरित्र मानस, हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने वालों पर कांग्रेस और सपा सहित अन्य विपक्षी दलों की चुप्पी को देश के हिंदू समाज का अपमान बताया। संजय राय ने कहा कि पीएम मोदी के लिए 140 करोड़ जनता उनका परिवार है और वह अपने परिवार को भ्रष्टाचारियों से बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।देश की जनता लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों को करारा जवाब देगी। एनडीए 400 से अधिक सीटें जीतकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनाएगी। इस दौरान मंच का संचालन जिला मीडिया प्रभारी विजय आनंद बाजपेई ने किया।
ये भी पढ़ें -INDIA गठबंधन में शामिल सपा के उज्जवल रमण सिंह ने थामा कांग्रेस का दामन, प्रयागराज से हो सकते हैं उम्मीदवार
