Holi 2024: होली पर साल का पहला चंद्र ग्रहण...त्योहार पर नहीं होगा असर, इस दिन खेला जाएगा रंग, जानें- डेट
कानपुर में होली पर साल का पहल चंद्र ग्रहण होगा
कानपुर, अमृत विचार। होली पर इस बार साल का पहला चंद्र ग्रहण पड़ेगा। लेकिन इस ग्रहण का पर्व पर कोई असर नहीं होगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार होलिका दहन पर इस बार कोई दोष नहीं है। होलिका दहन 24 मार्च की रात 11:13 बजे से 12: 27 बजे तक होना श्रेष्ठकारी माना जाएगा। 25 को परेवा पर शहर में रंग खेला जाएगा।
ज्योतिषाचार्य पं. मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि पंचांग के अनुसार चंद्र ग्रहण फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि यानी 25 मार्च को सोमवार को लगेगा। ग्रहण सुबह 10.23 बजे शुरू होगा और दोपहर 3.02 बजे तक रहेगा। चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा।
इसलिए इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा और होली पर भी कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। चंद्र ग्रहण उत्तर और पूर्व एशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका में दिखाई देगा।
होलिका दहन 24 को रात 11.13 से 12.27 बजे तक
पंचांग के अनुसार इस साल फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि 24 मार्च को सुबह 9 बजकर 54 मिनट पर शुरू होगी। यह 25 मार्च को दोपहर 12.29 बजे समाप्त होगी। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि ऐसे में होलिका दहन 24 मार्च को किया जाएगा। 24 मार्च को होलिका दहन के दिन भद्रा लग रही है। भद्रा का प्रारंभ सुबह 09 बजकर 54 मिनट से होगा जो रात 11 बजकर 13 मिनट तक रहेगा। होलिका दहन का शुभ मुहूर्त 24 मार्च को रात 11.13 बजे से रात 12.27 बजे तक रहेगा। पूर्णिमा तिथि 24 और 25 दोनों दिन रहने वाली है।
इस बार दो दिन रहेगी पूर्णिमा
रंगोत्सव प्रतिपदा तिथि में होता है। होलिका दहन फाल्गुन पूर्णिमा के दिन किया जाता है। अगले दिन रंगोत्सव मनाया जाता है। इस बार 24 मार्च को सुबह 9 बजकर 56 मिनट पर पूर्णिमा तिथि आरंभ हो रही है और इसका समापन 25 मार्च को प्रदोष काल से पहले हो रहा है। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि दोनों दिनों में अगर पूर्णिमा तिथि हो तो पहले दिन अगर प्रदोष काल में पूर्णिमा तिथि लग रही है तो उसी दिन भद्रा रहित काल में होलिका दहन किया जाना चाहिए। इसी नियम के अनुसार, इस बार 24 मार्च को होलिका दहन और 25 मार्च को रंगोत्सव का त्योहार मनाया जाएगा।
30 मार्च को ऐतिहासिक गंगा मेला
कानपुर का ऐतिहासिक गंगा मेला 30 मार्च को आयोजित किया जाएगा। कानपुर हटिया होली मेला महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र विश्नोई ने बताया कि गंगा मेला पर हटिया स्थित रज्जन बाबू पार्क से पारंपरिक रंग भरा ठेला निकलेगा। जो पारंपरिक रास्तों से होता हुआ शहरवासियों को रंग से सराबोर करता हुआ चलेगा। इस बार मेले में विशेष झांकी भी निकाली जाएगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur: हाय मेरा लाल! एक बार चेहरा तो दिखा दो...तीन दोस्तों की उठी अर्थी, चीत्कारों से गूंज उठा इलाका, देखें- PHOTOS
