बदायूं: सपा ने बदला 'M-Y' का मतलब, सेकुलर पंचायत में राजनेताओं ने कसा तंज...अखिलेश को लेकर कह दी ये बात

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

सपा के पीडीए का मतलब परिवार, पीडीए में ब्राह्मण, वैश्य, कायस्थ, ठाकुर क्यों नहीं : आबिद रजा

सहसवान (बदायूं), अमृत विचार। सहसवान के नरायण भवन में सेकुलर पंचायत का आयोजन किया गया। सपा के राष्ट्रीय पदों से इस्तीफा देने वाले राजनेताओं ने सैकड़ों की भीड़ को संबोधित किया। सपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व राष्ट्रीय सचिवों ने भाजपा और सपा पर निशाना साधा।

पूर्व राष्ट्रीय महासचिव सलीम इकबाल शेरवानी ने कहा कि भाजपा को चुनाव के वक्त कब्रिस्तान, पाकिस्तान की बात याद आती है। पूर्व राष्ट्रीय सचिव आबिद रजा ने कहा कि सपा के पीडीए से ए गायब हो गया है। पार्टी ने आज एम और वाई का मतलब बदल दिया है। एम में मुसलमानों की बजाय महिला शब्द जोड़कर मुसलमानों को दरकिनार किया है।

पूर्व राष्ट्रीय महासचिव ने भाजपा के लिए कहा कि इस सरकार के खिलाफ लड़ाई बहुत बड़ी है। सभी सेक्यूलर लोगों को मिलकर यह लड़ाई लड़नी होगी। कहा कि कभी भी लोकसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है। इससे पहले तय करना है कि एकजुट होकर कहां जाना है। अपने हक को पाने के लिए एक रहनुमा चुनना होगा। वह सेक्यूलर लोगों का रहनुमा बनने को तैयार हैं। आह्ववान किया कि किसी भी पार्टी से हटकर उनका साथ देना होगा। सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे आबिद रजा ने कहा कि सपा मुखिया नेताजी मुलायम सिंह यादव के समय में एमवाई से मतलब मुस्लिम और यादव से होता था जबकि आज के समय महिला और यूथ हो गया है। एम का मतलब मुसलमान से बदलकर महिला हो गया। 

सपा के पीडीए पर कहा कि इसमें पी का मतलब परिवार है। पीडीए में ब्राह्मण, वैश्य, कायस्थ, ठाकुर क्यों नहीं हैं। कहा कि सपा की सोच मुसलमानों के प्रति बदल गई है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए कहा कि उन्होंने मुसलमानों की आंखे खोल दीं कि अब मुसलमानों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं बचा है। मुसलमान सपा को वोट देने की वजह से खौफ की जिंदगी जीने की सजा भुगत रहा है। पहले साइकिल पैरों से चलती थी और आज पेट्रोल से दौड़ रही है। मुसलमान के वोट से सियासी दुकान चलाई जा रही हैं। 

विशिष्ट अतिथि पूर्व राष्ट्रीय सचिव योगेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सपा की राजनीति सिर्फ परिवार तक सीमित रह गई है। सलीम शेरवानी ने राज्यसभा से टिकट मांगा तो मजबूरी बताकर मना कर दिया। जिले में अपने परिवार के धर्मेंद्र यादव को टिकट दिया। टिकट बदला तो अपने चाचा शिवपाल यादव को मैदान में उतारा है। आगे कहा कि अखिलेश यादव सिर्फ झूठ की राजनीति करते हैं।

इस दौरान पीयूष रंजन यादव, निषाद पार्टी के आनंद निषाद, साजिद अली, हाजी निहालुद्दीन, जमालुद्दीन, राशिद आदि ने भी पंचायत को संबोधित किया। पंचायत में बहुत से लोगों ने सपा छोड़ने का ऐलान किया। जाहिद हुसैन, खालिद शेरवानी, साजिद अली, मुन्ने खां, प्यारे मियां, जमालुद्दीन, सलीम अहमद खां, सलीम सिद्दीकी, फैसल आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- बदायूं: जिला अस्पताल में लगी भीषण आग, छह एंबुलेंस जलकर हुई राख

संबंधित समाचार