VIDEO: बीजेपी में टिकट बंटवारे के बाद शुरू हुई 'महाभारत', लोकसभा प्रत्याशी साकेत मिश्रा को लेकर कार्यकर्ता नाराज
श्रावस्ती/लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय पर बुधवार को क्षेत्र के कुछ लोगों ने भाजपा प्रत्याशी साकेत मिश्रा के विरोध में नारेबाजी की। 2024 के लोकसभा चुनाव में श्रावस्ती लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने साकेत मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में श्रावस्ती भाजपा दो धड़े में बंटा नजर आ रहा है। अन्य दावेदारों के समर्थक पार्टी के इस निर्णय को पचा नही पा रहे हैं। कार्यकर्ताओं की इसी उधेड़बुन ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन का रूप ले लिया। प्रदर्शन कर रहे समर्थकों का कहना है कि साकेत मिश्रा बाहरी प्रत्याशी है। उनकी लोकसभा के अंदर कोई पकड़ नहीं है।
समर्थकों ने कहा कि क्या हमारे लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के नेता नहीं हैं? इसीलिए बाहरी प्रत्याशी को यहां टिकट दिया गया है। ये सरासर गलत है। अच्छा प्रत्याशी लोकसभा क्षेत्र में मौजूद होने के बाद भी बाहरी व्यक्ति को यहां का प्रत्याशी बना दिया गया जिससे हम लोग विरोध कर रहे हैं। हम लोगों को बाहरी प्रत्याशी मंजूर नहीं है। सैकड़ों की संख्या में लोग लगभग आधे घंटे तक भाजपा कार्यालय पर नारेबाजी करते रहे।
प्रदर्शन करने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य और कुछ स्थानीय लोग शामिल थे, पार्टी का कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस प्रदर्शन में नहीं थे। सीसीटीवी कैमरे में देखा जा रहा है अगर कोई पदाधिकारी व कार्यकर्ता इसमें शामिल हुआ है तो उसके ऊपर कार्रवाई की जायेगी। पार्टी हाईकमान का फैसला हम सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओ को मान्य है।
उदय प्रकाश त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष, भाजपा
एनडीए का कोई भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी का कोई भी विरोध नहीं कर रहा है। यह विरोधी दल की चाल है। वर्तमान सरकार में हो रहे विकास कार्य विरोधी दल को हजम नहीं हो रहा है।
राज कुमार ओझा, जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय लोकदल, श्रावस्ती
मुझे पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है मैं उसे पूरा करने के लिए तन मन से प्रयास करूंगा। यदि 58 लोकसभा क्षेत्र के किसी भी व्यक्ति कोई मदद की आवश्यकता होगी तो मैं 24 घण्टे सेवा में उपस्थित हूँ।
साकेत मिश्र, भाजपा प्रत्याशी
हाईकमान के निर्णय का स्वागत है विरोध करने वाले कौन थे मैं नहीं जानता भाजयुमो का कोई भी कार्यकर्ता व पदाधिकारी इस प्रदर्शन में नहीं था।
हरिओम तिवारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष, श्रावस्ती
श्रावस्ती: बीजेपी में टिकट बंटवारे के बाद शुरू हुई 'महाभारत', लोकसभा प्रत्याशी विकास मिश्रा को लेकर कार्यकर्ता नाराज, लगाए नारे pic.twitter.com/8Vj3uXyq7I
— Amrit Vichar (@AmritVichar) March 6, 2024
यह भी पढे़ं: 'बिहार में जंगलराज लाने वाला परिवार युवाओं का सबसे बड़ा है गुनहगार', PM मोदी का RJD पर बड़ा हमला
