एटा-कासगंज लोकसभा क्षेत्र से भाजपा ने फिर जताया राजवीर सिंह पर भरोसा, समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

 पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र हैं राजवीर सिंह, पहले से ही लगाए जा रहे थे उन्हीं को टिकट मिलने के कयास

एटा-कासगंज लोकसभा क्षेत्र से भाजपा ने फिर जताया राजवीर सिंह पर भरोसा, समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

कासगंज, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा क्षेत्र के चुनाव के लिए पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची के अनुसार एटा-कासगंज लोकसभा क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह पर भाजपा ने एक बार फिर भरोसा जताया है। लगातार दो बार से राजवीर सिंह इसी संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं। इधर उन्हें यहां से ही टिकट मिलने के कयास पहले से ही लगाए जा रहे थे। हालांकि, अपुष्ट जानकारी थी, लेकिन शनिवार शाम को सूची जारी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। 

भारतीय जनता पार्टी ने पहली सूची जारी की है। वैसे तो प्रदेश के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के नाम शामिल है, लेकिन एटा-कासगंज लोकसभा क्षेत्र से राजवीर सिंह राजू भैया प्रत्याशी बनाए गए हैं। वह यहां से दो पंचवर्षीय योजना के दौरान सांसद हैं। उन पर भाजपा ने अब फिर भरोसा किया है। इधर जैसे ही राजवीर सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने की खबर उनके समर्थकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली तो खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है। साथ ही भाजपा नेतृत्व का आभार जताया है। बता दें कि राजवीर सिंह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र हैं।

बेसिक शिक्षा मंत्री हैं सांसद के पुत्र 
सांसद राजवीर सिंह के पुत्र संदीप सिंह उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार हैं। इसके अलावा वे कासगंज के जिला प्रभारी मंत्री भी हैं। पूरा ही परिवार राजनीति का पुरोधा है। राजवीर सिंह ने एटा-कासगंज लोकसभा क्षेत्र के लिए कई ऐसे कार्य किए जो इतिहास बनने जा रहे हैं। सबसे बड़ी उपलब्धि एटा कासगंज रेल लाइन जोड़ने की है।

अनीता ने किया था दावा
टिकिट को लेकर पहले असमंजस था। कुछ दिन पहले की ही बात है जब बुलंदशहर जिले की पूर्व विधायक अनीता लोधी ने कासगंज में अपने बैनर होर्डिंग लगाकर लोकसभा क्षेत्र एटा कासगंज से दावेदारी का संकेत दिया। तब विवाद हुआ था। अनीता लोधी ने स्वयं पर हमले का आरोप लगाया, हालांकि इस मामले में बहुत अधिक सच्चाई नहीं निकली।

सांसद के पिता कल्याण सिंह इसी क्षेत्र से रह चुके हैं सांसद
कल्याण सिंह का एटा - कासगंज से गहरा नाता रहा है। प्रखर हिंदूवादी नेता के रूप में उनकी छवि से एटा के लोग पहले से ही प्रभावित थे। लेकिन यहां का नाता उनसे उस समय रुओ और गहरा हो गया, जब उन्होंने 2009 में एटा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इस चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत हांसिल की।

भाजपा कार्यालय पर बांटी गई मिठाई 
राजवीर सिंह को एटा-कासगंज लोकसभा क्षेत्र से एक बार फिर प्रत्याशी बनाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। भाजपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी के नेतृत्व में भाजपाइयों ने देर शाम भाजपा कार्यालय पर मिष्ठान वितरण किया। सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, अमापुर विधायक हरिओम वर्मा, जिला महामंत्री नीरज शर्मा, राजवीर सिंह भल्ला, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष डीएस लोधी, केके सक्सेना, कुलदीप प्रतिहार ने खुशी जाहिर की है।

पार्टी ने मुझ पर भरोसा जताया है। मैं पार्टी के भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरूंगा। यहां की जनता मेरा परिवार है और इस परिवार ने मुझे वह दुलार दिया है, जिसको कभी भूल नहीं  सकता। मैंने भी एक ही प्रयास किया कि एटा कासगंज की जनता की उम्मीद पर हमेशा पूरी तरह खरा उतर सकूं- राजवीर सिंह, सांसद एटा लोकसभा क्षेत्र।

ये भी पढ़ें- कासगंज: सांसद ने कछला गंगा घाट पर किया सह भोज का आयोजन, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का लगा जमावड़ा