गोंडा: 15 बटुक ब्राम्हणों का कराया गया उपनयन संस्कार, अब लेंगे वेद की शिक्षा
भीखमपुरवा के पंडित मदन मदन मोहन मालवीय गुरूकुल वेद पाठशाला में हुआ आयोजन
गोंडा। इटियाथोक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अहिरौलिया के भीखम पुरवा गांव में बुधवार को पंडित मदन मदन मोहन मालवीय गुरूकुल वेद पाठशाला में बटुक ब्राम्हणों का उपनयन संस्कार (जनेऊ) कराया गया। उपनयन संस्कार के बाद अब विद्यार्थी वेद की शिक्षा ग्रहण करेंगे।
इटियाथोक के भीखमपुरवा गांव स्थित पंडित मदन मदन मोहन मालवीय गुरूकुल वेद पाठशाला में बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाती है। बच्चों को पढाई से साथ साथ यहां रहने और खाने का भी इंतजाम है। गुरूकुल में उत्तर प्रदेश, बिहार सहित कई राज्यों के विद्यार्थी पढ़ रहे है। गुरुकुल के आचार्य शिवप्रसाद तिवारी ने बताया कि सनातन पद्धति को जीवंत रखने के लिए निशुल्क गुरुकुल का संचालन कराया जा रहा है।
इस समय आश्रम में 30 से अधिक विद्यार्थी अध्ययरत हैं। इन सभी छात्रों को आश्रम में रहते हुए छह माह से अधिक का समय हो गया है। इनमें से 15 विद्यार्थियों का बुधवार को उपनयन संस्कार(जनेऊ)कराया गया। आचार्य ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार अब यह सभी विद्यार्थी वेद पढ़ना प्रारम्भ कर सकेंगे। इस दौरान छात्रों के माता-पिता भी उपस्थित रहे। उपनयन संस्कार के बाद आश्रम में विशाल भंडारा आयोजित हुआ।
भंडारे में गुरुकुल के विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान राजू तिवारी, शिव मोहन तिवारी, राम कुमार तिवारी, पवन कुमार तिवारी, विनोद कुमार, किशन लाल, राकेश आदि मौजूद रहे।
यह भी पढे़ं: Board Exam: नकल पर नकेल कसी तो घटने लगी प्राइवेट छात्रों की संख्या, जानिए सिलसिलेवार कैसे आई इनमें गिरावट?
