लखीमपुर खीरी: ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में 43 परियोजनाओं ने पकड़ी रफ्तार, करीब 1100 करोड़ का हुआ निवेश

लखीमपुर खीरी: ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में 43 परियोजनाओं ने पकड़ी रफ्तार, करीब 1100 करोड़ का हुआ निवेश

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार: जनपद में औद्योगिक विकास अब तेजी से होगा, क्योंकि 1078.33 करोड़ रुपये लागत की 43 इकाइयां अब धरातल पर उतरने को तैयार हैं। सोमवार को जनपद स्तर पर ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 4.0 का भव्य आगाज हुआ। इससे जनपद के विकास को नई रफ्तार मिलने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का नया कीर्तिमान भी बनेगा। 

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जनपदीय जीबीसी का शुभारंभ विधायक सदर योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने अन्य जनप्रतिनिधियों संग दीप प्रज्जवलित करके किया। कार्यक्रम में अफसरों ने निवेशक उद्यमियों को पुष्प व स्मृति चिन्ह देकर अभिनंदन किया। 

एलईडी स्क्रीन पर निवेशक व प्रगतिशील उद्यमी, जनप्रतिनिधियों, अफसरों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का लाइव प्रसारण देखा, सुना। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश एवं निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लखनऊ में पीएम नरेंद्र मोदी ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के चौथे संस्करण का शुभारंभ किया। इन औद्योगिक इकाइयों के स्थापित होने से जनपद में रोजगार के अवसर पैदा होंगे और युवाओं को इसका लाभ मिलेगा। यूपी सरकार प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के माध्यम से सभी निवेशक उद्यमियों को शुभकामनाएं दी। कहा कि आज का दिन उद्यमियों का दिन है। सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेज गति से आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी आगे बढ़ेगा। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि फरवरी 2023 में आयोजित इंवेस्टर मीट के फलस्वरूप जनपद के अंतर्गत लगभग 80 से अधिक परियोजनाओं में 2200 करोड़ का निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुआ था, जिसके सापेक्ष अद्यतन 1078.33 करोड़ की 43 परियोजनाएं ग्राउंड ब्रेकिंग (जीबीसी) के लिए तैयार है। 

इनमें से 10 करोड़ से ऊपर निवेश करने वाली 13 परियोजनाएं 973.77 लखनऊ में प्रतिभाग कर रही हैं। साथ ही 10 करोड़ से कम लागत की 30 परियोजनाएं 99.56 करोड़ की जनपद स्तर पर प्रतिभाग कर रही है। कार्यक्रम के अंत में सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने जनप्रतिनिधियों, निवेशक और प्रगतिशील उद्यमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। 

कार्यक्रम का संयोजन उपायुक्त उद्योग संजय सिंह ने किया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पवन गौतम, बीजेपी महामंत्री रामजी मौर्य, जिला मंत्री रामजी दीक्षित, उमेश शुक्ला, डीईओ राजवीर सिंह, जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी, एआरसीएस रजनीश कुमार सहित सभी 30 निवेशक उद्यमी, प्रगतिशील उद्यमी मौजूद रहे।

ओडीओपी उत्पादों की लगी प्रदर्शनी, जनप्रतिनिधियों व निवेशकों ने सराहा
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 4.0 के उद्घाटन समारोह पर कलेक्ट्रेट में हुए जनपद स्तरीय कार्यक्रम के अवसर पर ओडीओपी उत्पादों थारू हस्तशिल्प व गुड़ उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विधायक सदर योगेश वर्मा, जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार सिंह, एडीएम संजय कुमार सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कॉलेज की छात्र छात्राओं ने थारू हस्तशिल्प उत्पादों के साथ न केवल सेल्फी ली बल्कि उन्हें खरीदा। जनप्रतिनिधियों ने गुड़ का स्वाद लिया। 

लाभार्थियों को मिली टूल किट की सौगात 
जीबीसी कार्यक्रम के दौरान विधायक सदर योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने गुड उत्पाद (ओडीओपी) के लाभार्थी अनन्त राम, ट्राइबल काफ्ट (ओडीओपी) लाभार्थी सीता राना, मोची (विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना) के लाभार्थी छोटे लाल, दर्जी (विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना) लाभार्थी शीनू देवी को टूलकिट की सौगात दी।

जिले की इन परियोजनाओं की रखी गई आधारशिला
10 करोड़ से ऊपर निवेश की परियोजनाएं...
विभाग संस्था : परियोजनाएं : निवेश
एमएसएमई     : 04 : 145 करोड़
पशुपालन        :  01 : 15.75 करोड़ 
अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत : 02 : 216.52 करोड़
गन्ना/चीनी       : 01ः 101.5 करोड़
सहकारिता      : 01 : 25 करोड़
दुग्ध विकास     : 01ः 50 करोड़
आबकारी        : 02 : 400 करोड़
हाउसिंग          :  01 : 25 करोड़ 
बॉक्स-
10 करोड़ से नीचे निवेश की परियोजनाएं......
विभाग संस्था : परियोजनाएं : निवेश
एमएसएमई    : 06 :  26 करोड़
पशुपालन       :  01 : एक करोड़ 
सहकारिता      : 01 : 9.56 करोड़
वन                : आठ : 13 करोड़
उद्यान            : तीन : 13.94 करोड़
हाउसिंग        : एक : तीन करोड़
चिकित्सा शिक्षा : एक : 2 करोड़
तकनीकी शिक्षा : पांच : 12.06 करोड़
पर्यटन            : दो : 13 करोड़
व्यवसायिक शिक्षा : एक : एक करोड़
कृषि                : एक : पांच करोड़

यह भी पढ़ें- लखनऊ में आज हो रही ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 4.0, खीरी के 12 उद्यमी होंगे शामिल