Budaun News: गन्ना माफियाओं पर विभाग ने कसा शिकंजा, बढ़ी चौकसी
DEMO IMAGE
बदायूं, अमृत विचार: गन्ना विभाग ने गन्ना माफियाओं पर नकेल कसते हुए जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी है। नामजद किए गए माफिया के घरों में दूसरे दिन भी पुलिस ने दबिश दी। गन्ना क्रय केन्द्रों पर किसानों के आधार कार्ड देख कर गन्ने की तौल कराई गयी। विभाग की इस कार्यवाही से माफिया रण छोड़ कर दूसरे जिलों की ओर भाग गए हैं।
जनपद में यदु शुगर मिल और शेखूपुर चीनी मिलो पर गन्ना बेचा जा रहा है। इनके अतिरिक्त कुछ गन्ना माफिया स्थानीय किसानों से गन्ना खरीद कर दूसरे जिलों को गन्ना बेच रहे हैं। गुरुवार की रात को सूचना मिलने पर जिला गन्ना विकास समिति सचिव राजीव कुमार सिंह ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंच कर कई ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त किए। गन्ना माफिया भाग गए।
राजीव कुमार सिंह ने गुरगांव निवासी प्रवेश यादव, रामपुर निवासी प्रेमपाल, दहगवां निवासी टिंकू यादव सहित आधा दर्जन माफियाओं के खिलाफ नामजद तहरीर दी और करीब दर्जन भर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी गयी। पुलिस ने शुक्रवार को उक्त सभी के घरों में दबिश दी मगर कोई हाथ नहीं लगा। शनिवार को भी मूसाझाग पुलिस ने गुरगांव निवासी माफिया के घर में दबिश दी। दहगवां में भी पुलिस ने टिंकू के घर पर दबिश देकर उसके परिजनों से पूछताछ की है। अभी तक माफिया हाथ नहीं लगे हैं
उधर ब्लाक सलारपुर क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्रों पर गन्ना लेकर आए किसानों के आधार कार्ड चेक किए गए। किस किसान के पास कितने बीघे में गन्ना है इसकी जानकारी की गयी। किसानों ने अब तक कितना गन्ना डाला है पूरा हिसाब मांगा गया। इस तहकीकात से फर्जीवाड़ा रोकने का प्रयास किया गया। क्रय केन्द्र इंचार्ज को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसान अपना गन्ना लेकर आएं तभी तौल की जाए, शक होने पर उसकी पूरी जानकारी करें यदि कोई अन्य गन्ना लेकर आ रहा है तो विभाग को सूचित किया जाए।
।उधर शनिवार को बिसौली सहसवान क्षेत्र में जिले की सीमा पर गन्ना विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बाहर को जाने वाले गन्ने पर रोक लगाने के लिए रात और दिन गश्त की जा रही है। बिसौली क्षेत्र के कुछ माफिया किसानों से गन्ना खरीद कर रामपुर की चीनी मिल का गन्ना बेच रहे हैं। जबकि शासन के निर्देश हैं कि जिले से बाहर गन्ना नहीं जाएगा। इस पर रोक लगा दी गयी है।
सचिव राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को सुबह बिसौली क्षेत्र में उन्होंने सीमा पर पहरेदारी की इस इलाके से गन्ना बाहर ले जाने की शिकायतें मिली थीं इसलिए आज यदु शुगर मिल के साथ बातचीत करने के बाद रोड पर गश्त की गयी। यदु शुगर मिल प्रशासन को भी इस मामले में सतर्क कर दिया गया है।
जिले का गन्ना किसी भी कीमत पर दूसरे जिलों में नही जाने दिया जाएगा। इस पर पहले से ही काम किया जा रहा है। कुछ माफिया सक्रिय हैं उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गयी है। सभी पकड़े जाएंगे। पुलिस की मदद ली जा रही है। खुनक मलगांव कुंवरगांव आदि में गन्ना सेंटरों पर निरीक्षण किया जा रहा है। किसानों की शिकायतों पर तत्परता से काम किया जा रहा है---हेमराज सिंह, जिला गन्ना अधिकारी
यह भी पढ़ें- Budaun News: किसान से टप्पेबाजी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, दो तमंचा बरामद
