लखनऊ: मैं ये शादी नहीं कर सकता.., दहेज में नहीं मिली स्कार्पियो तो शादी से मुकरा दूल्हा
मलिहाबाद/लखनऊ, अमृत विचार। दहेज में स्कार्पियो की मांग पूरी न करने पर गोदभराई से एक दिन पूर्व दूल्हे ने रिश्ता तोड़ दिया। लड़की पक्ष ने बातचीत कर मसला हल करने का आग्रह किया तब दूल्हे और उसके परिवारिक सदस्यों ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद दुल्हन की मां ने वर पक्ष के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।
फोन उठाना भी बंद किया
मलिहाबाद प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक क्षेत्र की रहने वाली महिला ने ठाकुरगंज थाना क्षेत्र अन्तर्गत माधवपुर बेगरिया निवासी सरोज और उसके परिवारिक सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। लिखित शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसने अपनी बेटी का रिश्ता सरोज के साथ तय किया था। गत 17 दिसम्बर को सगाई हो चुकी थी। 26 जनवरी को गोदभराई की रस्म के बाद तिलक का कार्यक्रम आयोजित होना था।
महिला का आरोप है कि गत 25 जनवरी को शाम करीब 4 बजे सरोज ने उन्हें कॉल कर दहेज में स्कॉर्पियों देने की मांग की। यह सुनकर महिला के होश उड़ गए। महिला ने स्कॉर्पियों के लिए असहमति जताई तब दूल्हे ने बरात न लाने की बात कहकर फोन काट दिया। महिला का कहना है उसने वर पक्ष से बातचीत कर मसला हल करने का भी प्रयास किया, लेकिन लड़के वालों ने फोन नहीं उठाया।
दूल्हे ने फोन कर कहा- मैं ये शादी नहीं कर सकता
महिला ने बताया कि उसने वर पक्ष की मांग पर लाखों रुपये दूल्हे की शॉपिंग के दिए। इसके अलावा हर छोटी-मोटी मांग को पूरा किया। नाते-रिश्तेदारों में बेटी की शादी के कार्ड भी बांट दिए गए थे। इसके अलावा उसने गेस्ट हाउस व हलवाई आदि बुक कर रुपयों का भुगतान भी कर दिया है।
25 जनवरी दूल्हे का फोन आया और कहा कि वो ये शादी नहीं कर सकता। महिला के पूछे जाने पर कहा कि उसे स्कार्पियो चाहिए। आप बात आगे बढ़ाते हो तो ठीक है, वरना शादी रद करते हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर सरोज, मनोज, विपिन, संतोष को नामजद किया है।
यह भी पढ़ें:-रामोत्सव: रामपथ पर प्रवाहमान है आस्था का सैलाब... देश के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संगम की केंद्र बनी रामनगरी
