भाजपा सरकार की उपेक्षा से लखनऊ का वैभव पड़ा फीका - अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने लखनऊ जिले के नेताओं व कार्यकर्ताओं संग की बैठक
अमृत विचार, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में लखनऊ जिले के नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर राजेन्द्र चौधरी, नरेश उत्तम पटेल, रविदास मेहरोत्रा, डॉ0 मधु गुप्ता, आर.के. चौधरी, डॉ0 रमेश दीक्षित, राज कुमार मिश्रा, जूही सिंह, मीरा वर्धन, जरीना उस्मानी, डॉ0 फिदा हुसेन अंसारी, वंदना मिश्रा, डॉ0 आशुतोष वर्मा, दीपक रंजन, पूजा शुक्ला, सुशील दीक्षित समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की उपेक्षा से राजधानी लखनऊ का वैभव फीका पड़ता जा रहा है। समाजवादी सरकार में बना गोमती रिवरफ्रंट गुजरात में साबरमती रिवरफ्रंट से ज्यादा शानदार है। लेकिन भाजपा नाले पर रिवरफ्रंट की योजना की चर्चा कर खुश है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर बना जेपीएनआईसी यदि भाजपा राज में बर्बाद न होता तो राजधानी में यह एक शीर्ष बौद्धिक संस्थान होता। परिवहन सुविधा के लिए लखनऊ में मेट्रो रेल जहां तक समाजवादी सरकार में चली थी वहीं तक चलकर रूक जाती है।
उन्होंने आगे कहा कि जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए फोरलेन सड़के, फ्लाईओवर और नए-नए संस्थान समाजवादी सरकार में ही बने थे। भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है। राजधानी लखनऊ के बड़े संस्थानों में मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। जब राजधानी की यह स्थिति है तो राज्य की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है। आज भाजपा के कारण विकास अवरूद्ध है। लोकतंत्र से खिलवाड़ किया जा रहा है और संविधान खतरे में है। जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। अपराध बढ़ रहे हैं, लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। महिलाएं रोज अपमानित हो रही है। जनता का हर वर्ग परेशान है और अब भाजपा से मुक्ति चाहता है।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि आज जनता की निगाह एनडीए-भाजपा के मुकाबले पीडीए-इंडिया पर है। पीडीए में पीड़ित, दलित, अगड़े, पिछड़े, महिलाएं, अल्पसंख्यक सभी शामिल है। भाजपा कुछ वर्गों में सीमित है। इंडिया-पीडीए विकास और लोकतंत्र, समाजवाद के लिए प्रतिबद्ध है। पीडीए सामाजिक न्याय और जातीय जनगणना की पक्षधर है। भाजपा ने हमेशा पीडीए की उपेक्षा की है। वह आरक्षण को भी खत्म करने की साजिशें कर रही है। इस बार 2024 में राजधानी लोकतंत्र का नया इतिहास रचेगा समाजवादी पार्टी को जिताकर क्योंकि यहां जो भी विकास हुआ है, समाजवादी सरकार में ही हुआ है। भाजपा राज में तो लूट जारी है और भ्रष्टाचार हर ओर पनप रहा है।
-(1).jpg)
वहीं इस अवसर पर पासी जयवीर सिंह की थीसिस ‘‘स्टडी ऑफ डिजिटल डिवाइड ऐंड प्रिपेयरनेस फॉर ऑनलाइन टीचिंग ऐट सेकेंडरी टीचर एजूकेशन इंस्टीट्यूशंस‘‘ और वरूण शुक्ला की कविता पुस्तक ‘सब्र‘ का विमोचन किया। इसके अलावा राष्ट्रीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में चयनित और मण्डलीय प्रतियोगिता में पुरस्कृत कृतिका राजभर को भी सम्मानित किया।
ये भी पढ़ें:- गणतंत्र दिवस 2024: लखनऊ में फुल ड्रेस रिहर्सल कल से, 26 तक रूट डायवर्जन, जानिए आपके लिए कौन सा आसान होगा मार्ग
