बदायूं: राहुल भारती बोले- डिप्टी सीएम का बयान बच्चे के बात करने जैसा
सपा की संविधान बचाओ देश बचाओ यात्रा के साथ पहुंचे अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष
बदायूं, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी की संविधान बचाओ, देश बचाओ यात्रा रविवार को बदायूं पहुंची। यात्रा के साथ आए सपा के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल भारती ने जिलाध्यक्ष आशीष यादव के फॉर्म हाउस पर प्रेसवार्ता की। उन्होंने पीडीए सरकार (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक मुस्लिम) के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि इस लोकतांत्रिक जनबंधन से किसान, छात्र, नौजवान, व्यापारी, दलित, अल्पसंख्यक आदि सभी वर्ग के लोग जुड़ रहे हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के पीडीए को परिवार डेवलपमेंट अथोरिटी बताने के मामले में उन्होंने कहा कि वह उनकी बयान का जबाव देना उचित नहीं है। उनकी बातें ऐसी लगती हैं जैसे कोई बच्चा बात करता है। जिसका कोई मतलब नहीं है।
उन्होंने कहा कि पीडीए के माध्यम से सभी वर्गों को आगे लाया जा रहा है। जो सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक स्तरों पर दशकों से वंचित और शोषित हो रहे हैं। सपा का हर कार्यकर्ता गांव और वार्डों में जाकर एकता का संदेश देगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के लक्ष्य की प्राप्ति के लिये जातीय जनगणना के होना अत्यंत आवश्यक है। इसी आधार पर उन्हें समानुपातिक हक और सम्मान मिल सकेगा। संविधान में आर्थिक व सामाजिक विषमता को मिटाने वाले आरक्षण को आज खतरा है। नफरत फैलाई जा रही है।
बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, नेताजी मुलायम सिंह के बताए संघर्ष के पर्थ पर चलते हुए सपा समाजवाद, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और पंथनिरपेक्षता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता रखती है। बताया कि 17 दिन की यह यात्रा गाजियाबाद में समाप्त होगी। जिलाध्यक्ष आशीष यादव, शेखूपुर विधायक हिमांशु यादव, जिला महासचिव सुरेश पाल सिंह चौहान, प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रकेश यादव, अशोक यादव, मोर सिंह, किशोरी लाल शाक्य, सुनील यादव, विपिन यादव, प्रभात अग्रवाल मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बदायूं: खेलते समय बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान भाई-बहन समेत तीन बच्चों की मौत
