Haj Yatra 2024 : रामपुर में वर्ष 2023 के सापेक्ष आधे भी नहीं आए आवेदन, अधिकारी पसोपेश में
रामपुर, अमृत विचार। आजमीने हज के आवेदन की रफ्तार सुस्त है। जिले से महज 304 आजमीने हज ने आवेदन किया है। जिसके चलते उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने आजमीने हज को कुछ दिन की और सहूलियत दी है। आजमीने हज अल्लाह के घर का दीदार करने की हसरत लिए जोर-शोर से तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए हज समिति द्वारा 15 जनवरी तक आवेदन मांगे गए हैं।
अल्लाह के घर तक जाने के लिए आवेदन करने वालों की अंतिम तारीख 20 दिसंबर थी। लेकिन, अब तारीख को बढ़ाकर 15 जनवरी तक बढ़ा दी गई है।आजमनीने हज की कम संख्या के मद्देनजर राज्य हज समिति के सचिव, कार्यपालक अधिकारी एसपी तिवारी ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को प्रचार-प्रसार करने का आदेश दिया है। रामपुर से वर्ष 2023 में 1249 लोग हज करने गए थे जबकि वर्ष 2024 में 12 जनवरी तक 304 आजमीने हज ने पंजीकरण कराया है। जबकि, राज्य हज समिति दो बार तिथि को आगे बढ़ा चुकी है।
आवेदन कम होने की बाबत अधिकारी भी कुछ नहीं बोल पा रहे हैं। जबकि, यही कहते हैं कि प्रचार-प्रसार करेंगे। 15 जनवरी तक आजमीने हज के कितने आवेदन बढ़ सकते हैं इसको आसानी से समझा जा सकता है। हज 2024 के लिए मुरादाबाद से सर्वाधिक आवेदन 644 किए गए हैं। जबकि, वर्ष 2023 में मुरादाबाद से 2702 लोगों ने आवेदन किया था और वे हज यात्रा पर मक्का शरीफ गए थे।
अमरोहा से वर्ष 2024 में 206 आजमीने हज (हज यात्रा पर जाने वालों) ने पंजीकरण कराया है। जबकि, वर्ष 2023 में अमरोहा से 788 लोग हज यात्रा पर गए थे। बिजनौर से वर्ष 2024 में 309 लोगों ने पंजीकरण कराया है जबकि, वर्ष 2023 में बिजनौर से 1050 लोग हज यात्रा पर गए थे। संभल से वर्ष 2014 के लिए 214 लोगों ने पंजीकरण कराया है जबकि, वर्ष 2023 में 712 लोग हज करने गए थे।
आजमीने हज के आवेदन कम आने के कारण राज्य हज समिति ने आवेदन की तिथि बढ़ाकर 15 जनवरी कर दी है। इसके लिए मदरसो जामे उल उलूम फुरकानिया मिस्टन गंज, मदरसा गुलशने बगदाद मजार शाह बगदारी साहब, मदरसा इस्लाहे कौम में ई- हज सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी फैसिलीटेशन सेंटरों पर आवेदन और प्रपत्र लोड करने की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। - अंकित कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी
ये भी पढ़ें : रामपुर: छह लाख की लूट में फरार चल रहे दो बदमाश मुठभेड़ में घायल, दो फरार
