संभल: मूलभूत सुविधाओं के अभाव में समस्याओं से जूझ रहे अशोक नगर के वाशिंदे
अशोक नगर में न ही सड़कें पड़ी, ना ही लगे बिजली के पोल, डंडों पर झूल रहे केबिल
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। ब्लाक बनियाखेड़ा के गांव देवर खेड़ा के मझरा अशोक नगर में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत पोल नहीं होने से बल्ली व दीवार के सहारे विद्युत केबिल घरों तक पहुंच रहे हैं। साथ ही सड़क व नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

ग्राम पंचायत देवरखेड़ा शहर से सटी हुई है। जबकि गांव का मझरा अशोक नगर के बाशिंदे मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे हैं। यहां गलियों में विद्युत पोल नहीं होने से लोगों के घर को आने वाली विद्युत केबिल बल्लियों व दीवार के सहारे लगे हुए हैं। जिससे कभी भी हादसा होने का खतरा बना रहता है। जबकि बल्ली गिरने से केबिल खींच जाता है और पोल व मीटर में लगा केबिल हट जाता है। इससे लोगों को परेशानी होती है। दीवार के सहारे जा रहे विद्युत केबिलों को बंदरों ने कई स्थान से काट दिया है।
जिससे हादसा होने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा अशोक नगर में कई गलियों में पक्की सड़कों व नालियों का निर्माण नहीं कराया गया है। गलियों की सड़क कच्ची होने से घरों से निकलने वाला गंदा पानी बहता रहता है। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात में जलभराव होने से स्थिति बद से बदतर हो जाती है। जबकि ममता, ज्ञाना देवी, माया देवी, रामवती, शिशुपाल, सोमवती, मीना देवी ने बताया कि वह कई बार ग्राम प्रधान व अन्य अधिकारियों से समस्या की गुहार लगा चुके हैं। मगर समस्या का समाधान अभी तक नहीं हो सका है।
घर के आगे सड़क व नालियों का निर्माण नहीं होने से ऊंचा-नीचा स्थान हो गया है। जिससे आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। -सीमा देवी, अशोक नगर
हमारी गली व आसपास 50 से अधिक मकान बने हैं। गली के बाहर एक विद्युत पोल लगा है। जिससे सभी कनेक्शन के केबिल जा रहे हैं। गलियों में विद्युत पोल नहीं होने से बल्लियों व दीवारों का सहारा लिया गया है। -गोविंद सिंह, अशोक नगर
हमारी गली में किसी प्रकार का कोई विकास कार्य नहीं कराया गया है। आज से 12 वर्ष पहले जो स्थिति थी, वही स्थिति आज भी है। जबकि कई बार आसपास के लोग ग्राम प्रधान से गुहार लगा चुके हैं। -सावित्री देवी, अशोक नगर
किसी प्रकार का कोई विकास नहीं होने से लोगों में रोष व्याप्त है। बरसात के मौसम में हालात और भी ज्यादा बदतर हो जाते हैं। जलभराव से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ता है।-उर्मिला देवी, अशोक नगर
ये भी पढ़ें:- संभल : 24 कुंडीय महायज्ञ से पूर्व निकली भव्य कलशयात्रा, झांकियों ने मोहा मन...गूंजते रहे जयकार
