मुरादाबाद : गलन भरी ठंड में दोपहर में खिली हल्की धूप, सता रही शीतलहर
अधिकतम तापमान 16 व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोहरे व धुंध के चलते सुबह सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए, हालांकि दोपहर बाद हल्की धूप निकली लेकिन, गलन बरकरार रही। मंगलवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा।
सुबह कोहरे व धुंध से सूरज का दर्शन नहीं हुआ। दोपहर में हल्की धूप निकली लेकिन, गलन अधिक होने से लोग ठिठुरते रहे। दोपहर में भी कई जगह लोग अलाव सेंकते रहे। घरों व कार्यालयों में हीटर, ब्लोअर जलाकर लोग सेंकते रहे। बिजली की आवाजाही से भी लोग परेशान हुए। सुबह से कई बार पावर कट होने पर हीटर, ब्लोअर बंद होने से लोग गलन से परेशान रहे।
आर्द्रता 93 प्रतिशत रहने से गलन बढ़ी। रैन बसेरों में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने में नगर निगम के अधिकारी भी जुटे हैं। नगर आयुक्त संजय चौहान ने रैन बसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया था। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के सेवानिवृत्त हेड एंड प्रोफेसर मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह ने बताया कि अभी ठंड और बढ़ेगी, कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह का कहना है सार्वजनिक स्थानों पर शाम को अलाव जलवाया जा रहा है। रैन बसेरों में कंबल, बिस्तर व अन्य इंतजाम किए गए हैं। किसी को खुले में रात बिताने की जरूरत नहीं है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : शादी का झांसा देकर विधवा से दुष्कर्म, नवजात को मारने का प्रयास
