देश का संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रही कांग्रेस : नसीमुद्दीन
कांग्रेस यूपी जोड़ो यात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत
रामपुर, अमृत विचार। कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा के नौवें दिन कांग्रेस नेताओं ने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर यात्रा की शुरूआत की। पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और यूपी के संगठन महामंत्री अनिल यादव ने यात्रा का नेतृत्व किया।

कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा गुरुवार को गांधी समाधि से शुरू हुई। उसके बाद यह यात्रा डाकघर,राजद्वारा,खुर्मो वाली जियारत,कुंडा चौराहा,अखाड़ा सोहराब खां,हाथी खाना चौराहा,शाहबाद गेट और सिविल लाईन होते हुए आंबेडकर पार्क पर समाप्त हुई। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती रही कांग्रेसियों का उत्साह वैसे-वैसे ही बढ़ता गया। जगह-जगह फूल मालाओं से यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत में कहीं टोपी,तो कहीं शाल उढ़ाकर नेताओं का स्वागत किया गया। यात्रा का समापन आंबेडकर पार्क पर डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का माल्यार्पण कर हुआ।
पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि यात्रा गरीब मजलूमों के अधिकारों की लड़ाई की यात्रा है। देश में लोकतंत्र बचाने की यात्रा है। नफरत के खिलाफ एकजुटता की यात्रा है। भाजपा सरकार में नफरत की आंधी चल रही है जनता महंगाई से त्रस्त है। यात्रा में मुख्य रूप से प्रदेश संगठन महामंत्री अनिल यादव ने कहा कि कांग्रेस का एक ही लक्ष्य देश का विकास है। कांग्रेस ने देश को नई ऊर्जा प्रदान की थी और कांग्रेस ने ही देश को आत्मनिर्भर बनाया। देश ने सुई से लेकर हवाई जहाज तक का सफर कांग्रेस के शासन में तय किया। यह यात्रा एकता सदभाव और मोहब्बत का पैगाम लेकर सहारनपुर से चली है। हम जनता के मुद्दों को उठाने निकले हैं। जनता में सरकार के प्रति आक्रोश है जनता बदलाव चाहती है।
यह लोग रहे मौजूद
पूर्व सांसद बेगम नूरबानो,पूर्व विधायक अफरोज अली खां,पूर्व विधायक इकराम कुरैशी, मुतिउर्रहमान खां बब्लू,अरशद अली गुड्डू, बाबू फौजी, विवेकानंद पाठक, शिव पांडेय,रिजवान कुरैशी,शाहनवाज आलम,दामोदर सिंह गंगवार, हसीब खां, ताहिर अंजुम, अब्दुल जब्बार खां, शप्पू अंसारी, लल्लन खां, मखदूम अहमद, मुश्ताक अली, जगमोहन मोना, शकील मंसूरी, सतनाम सिंह, खुशनूद खां, इकबाल खां, महेंद्र यदुवंशी, इकबाल मंसूरी, जिवेन्द्र गंगवार आदि।
शहर भर में रहा जाम
कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा गुरुवार को गांधी समाधि से शुरू होकर शहर में घूमती रही। इस दौरान पूरे शहर में जाम ही जाम रहा,लोगों को निकलने तक में काफी परेशानी आ रही थी। दोपहर दो बजे यात्रा राम-रहीम पुल के पास पहुंची,तो वहां पर भी जाम लग गया। यात्रा निकलने के बाद पुलिस ने किसी तरह से जाम को खुलवाया। उसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : कभी इनकम टैक्स का छापा तो कभी ईडी की छानबीन...आजम खां व उनके परिवार पर भारी रहा वर्ष 2023
