अयोध्या: प्रधानमंत्री की रैली में तीन लाख लोगों को आमंत्रित करने का लक्ष्य 

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

डिप्टी सीएम, भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन ने की प्रधानमंत्री के रैली की तैयारियों की समीक्षा

अमृत विचार, अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में तीन लाख लोगों को आमंत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार करने के लिए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने सर्किट हाउस के सभागार में मंगलवार को बैठक की। बैठक में अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, बाराबंकी जनपदों के जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी शामिल हुए।

 उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को लेकर जनता में उत्साह का माहौल है। हर बूथ तक प्रधानमंत्री का संदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों की है। भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि जनता तक प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का आमंत्रण पहुंचना व उनकी सुविधाओं का ख्याल रखने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों की है। इसकी तैयारी में युद्ध स्तर पर लग जाएं। प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय ने कहा कि जिले स्तर पर पदाधिकारी रोजाना तैयारियों की समीक्षा करें। 

क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि पयर्टन नगरी के रुप में विकसित हो रही अयोध्या का सबसे ज्यादा लाभ जिले व आसपास के जनपदों को मिलेगा।  इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, सांसद उपेन्द्र रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायकगण वेद प्रकाश गुप्ता, रामचन्दर यादव, डॉ. अमित सिंह चौहान, जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी, महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह, अम्बेडकरनगर जिलाध्यक्ष त्रयंम्बक तिवारी, बाराबंकी जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्या, सुल्तानपुर जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, सहित सभी जिलों के जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:- प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का साक्षी बनना सौभाग्य - राजा भैया

संबंधित समाचार