संतकबीरनगर: मगहर कबीर महोत्सव के लिए शासन से मिले 40 लाख

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

देश के ख्यातिलब्ध कलाकारों और शायरों से सजेगी महफिल

अमृत विचार, संतकबीरनगर। सूफी संत कबीरदास की परिनिर्वाण स्थली मगहर में हर वर्ष 12 से 18 जनवरी के बीच आयोजित होने वाला मगहर महोत्सव इस वर्ष 28 जनवरी से प्रारंभ होगा। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। महोत्सव को जीवंत और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस लिया है। 

बताते चलें कि मगहर महोत्सव का आयोजन वर्ष 1987 से होता आ रहा है। पहले कबीर चौरा मगहर के महंत और कस्बेवासियों के साथ ही जिले के सम्भ्रांत नागरिकों द्वारा जन सहयोग से इस आयोजन को सम्पन्न कराया जाता था। वर्ष 2004 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने इस आयोजन को सरकारी घोषित करते हुए आयोजन के लिए 25 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत किया था। जिसके चलते इस आयोजन की बागडोर जिला प्रशासन के हाथ में आ गई। बाद में सरकार ने स्वीकृत धनराशि में बढ़ोतरी कर इसे 40 लाख रुपए कर दिया। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हुए तो मगहर महोत्सव की तिथियों में परिवर्तन होने लगा। 

कोविड काल के दौरान महोत्सव पर ब्रेक लगी तो वहीं वर्तमान वर्ष के आयोजन में भी कुछ रोड़ा दिखाई देने लगा। एक सप्ताह पूर्व महोत्सव आयोजन की पहली बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने मगहर महोत्सव का नाम बदलकर कबीर महोत्सव रखने का सुझाव दिया। इस सुझाव पर परिवार न्यायालय के पूर्व सदस्य और महोत्सव आयोजन समिति के लोगों ने ऐतराज जताया। लोगों का कहना था कि कबीर और मगहर दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। महोत्सव में मगहर का नाम नहीं होगा तो उसकी प्रासंगिकता समाप्त हो जाएगी। बाद में जिलाधिकारी ने महोत्सव समिति से विचार विमर्श के बाद आयोजन का नाम मगहर कबीर महोत्सव का प्रस्ताव रखा जिसे सभी ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। 

आयोजन की तिथि को लेकर लम्बा विचार विमर्श हुआ तो यह तय हुआ कि 12 जनवरी बेहद करीब है। ऐसे में पूर्व निर्धारित तिथि तक तैयारियां पूर्ण नहीं कराई जा सकती। ऐसे में यह आयोजन 28 जनवरी से प्रारंभ कराया जाएगा। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि महोत्सव आयोजन के लिए शासन से 40 लाख रुपए प्राप्त हो चुके हैं। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए देश के ख्यातिलब्ध कलाकारों, कवियों, शायरों और विद्वानों को आमंत्रित किया जाएगा। इसमें स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:- बाराबंकी: पानीपत के सचिन को सहारनपुर के ओमकार पहलवान ने किया पराजित

संबंधित समाचार