सपा प्रमुख ने बीजेपी पर किया हमला, कहा- गठबंधन देगा 80 हराओ का नारा, हारेगी भाजपा
कन्नौज। समाजवादी पार्टी आने वाले लोकसभा चुनाव में सभी दलों को साथ लाने की बात कर रही है। गठबंधन, खासतौर पर सपा की सहयोगी पार्टियां साथ आएं और यह गठबंधन चुनाव में उत्तर प्रदेश में 80 हराओ का नारा देगा। ऐसा होने पर केंद्र से भाजपा की सरकार चली जाएगी।
यह बात यहां शुक्रवार को शादी समारोह में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कही। उन्होंने सवालों के जवाब में कहा कि विगत दिनों हुए विधान सभा चुनाव में तीन राज्यों के जो परिणाम आए हैं उससे गठबंधन और मजबूत होगा।
ईवीएम पर उठाए अपने सवाल को लेकर कहा कि विकसित देशों में बैलट से वोट पड़ रहे हैं। अमेरिका, जर्मनी, जापान में बैलट से वोट पड़ते हैं। जापान में तो ईवीएम बनी है। जर्मनी के सुप्रीम कोर्ट ने मशीन से वोटिंग को असंवैधानिक बताया था।
भारत सरकार दुनिया में ताकतवर देश बनने की बात कर रही है तो क्या ईवीएम के अविश्वास के साथ ऐसा होने जा रहा है। फिर बोले, समाजवादियों को जिताइये भाजपा को हटाइये। गठबंधन की सरकार आएगी तो ईवीएम हट जाएगी। आने वाले समय में परिवर्तन होगा जैसे हालिया चुनाव में राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हुआ है।
मध्यप्रदेश में भी हो जाता यदि कांग्रेस ने सपा को साथ लिया होता। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री बदले जाने पर कहा कि जिन मामा ने मेहनत की और उनकी वजह से सरकार बनी उन्हें दुखी कर दिया जो अच्छी बात नहीं है। वे आत्मविश्वास से भरे दिखे कि गठबंधन चुनाव लड़ेगा तो 24 में बदलाव होगा।
यह भी पढ़ें: बाराबंकी: 'बहिनी अंगनवा मा बाजेला बजनवा, भीतर सखी सोहर हो', महादेवा महोत्सव में लोक कलाकारों ने बांधा समां
