प्रशिक्षित कार्मिकों को एक लाख रुपए तक का दिया जाएगा दुर्घटना बीमा: दयाशंकर सिंह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत ‘हाइड्रोकार्बन सेक्टर स्किल काउंसिल’ जो की भारत सरकार की संस्था है के द्वारा अग्नि सुरक्षा सम्बंधी जोखिमों की पहचान और उनके नियंत्रण के लिए कार्मिकों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण दिया जायेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के 115 डिपो एवं 20 क्षेत्रीय कार्यशालाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया जाने वाला यह प्रशिक्षण निःशुल्क होगा। प्रशिक्षण लेने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण के अंत में संस्था द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा तथा एक वर्ष के लिए एक लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा भी प्रदान किया जाएगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में आग लगने की घटनाओं की रोकथाम के लिए कार्मिकों को न्यूनतम 300 घंटे एवं अधिकतम 500 घंटे का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इसमें निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रेणीवार प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। संबंधित संस्था पूर्ण रूप से भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित है तथा इसका उत्तर प्रदेश राज सड़क परिवहन निगम के कार्यों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: शुआट्स कॉलेज में वेतन को लेकर हंगामा, कार्यवाहक रजिस्ट्रार के इस्तीफे के बाद डॉ. विश्व स्वरूप मेहरा ने संभाला पद
