लखनऊ: शहीद पथ पर सफर होगा और अधिक सुरक्षित, तीसरी आंख की रहेगी नजर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। शहीद पथ पर सफर अब और अधिक सुरक्षित होगा। महिलाओं की सुरक्षा सहित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए तीसरी आंख (सीसीटीवी) से अब चौतरफा नजर रखी जाएगी। सेफ सिटी परियोजना के तहत नगर निगम पूरे शहीद पथ पर सीसीटीवी लगाने जा रहा है। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।

इससे पूरे शहीद पथ का क्षेत्र कैमरों की निगरानी में आ जाएगा। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो दिसंबर माह तक शहीद पथ का यह तकनीकी अध्याय पूरा हो जाएगा। शनिवार को नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह और एडीसीपी यातायात अजय सहित एनएचएआई के अधिकारियों एवं स्मार्ट सिटी की तकनीकी टीम संग शहीद पथ का संयुक्त सर्वे किया गया।

फैजाबाद रोड से बंथरा तक लगभग 26 किलोमीटर लंबे शहीद पथ पर अभी सीसीटीवी नहीं लगे हैं। इस पर न केवल बड़ी दुर्घटनाएं होती हैं। बल्कि जानकारी न मिल पाने की वजह से राहत कार्य भी समय से नहीं हो पाता है। और तो और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी लंबे रूट पर खतरा बना रहता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए सेफ सिटी परियोजना के तहत शहीद पथ पर सीसीटीवी लगाए जाने हैं। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई है। शनिवार को इस सम्बन्ध में शहीद पथ का सर्वे कर सीसीटीवी लगाने के लिए 49 स्थल चयनित किए गए। प्रथम चरण में अभी 49 सीसीटीवी चिह्नित जगह पर लगाए जाएंगे। इसके बाद कैमरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। अगले महीने सीसीटीवी लगाने का काम पूरा हो जाएगा।

सेफ सिटी के कंट्रोल रूम से जुड़ेंगे सीसीटीवी

महिलाओं के साथ होने वाली अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सेफ सिटी परियोजना के तहत शहर के सुनसान इलाकों में प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। सभी प्रमुख संस्थानों के बाहर लगे सीसीटीवी भी कंट्रोल रूम से जोड़े जा रहे हैं। इससे अधिक से अधिक इलाकों को कवर किया जा सके।

शहीद पथ पर लगाए जाने वाले ये कैमरे नगर निगम के लालबाग स्थित सेफ सिटी के कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। यहां से पूरे शहीद पथ की निगरानी की जाएगी। इससे शहीद पथ पर यातायात संचालन के साथ अपराधियों को पकड़ने में भी मदद मिलेगी। किसी भी घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को मिल जाएगी। कंट्रोल रूम से घटनास्थल पर तत्काल मदद पहुंचायी जा सकेगी। यह तीसरी आंख अपराध कर भागने वालों की चंद पलों में कंट्रोल को जानकारी देगी। इससे पुलिस को घेराबंदी करने का मौका मिलेगा।

ये होंगे फायदे

  1. दुर्घटना होने पर तत्काल राहत पहुंचायी जा सकेगी।
  2. महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं पर लगाम लगेगी।
  3. अपराध करके भागने वालों की घेराबंदी आसान होगी।
  4. यातायात संचालन में मदद मिलेगी।

शहीद पथ पर सीसीटीवी लगाने के लिए संयुक्त सर्वे किया गया। सीसीटीवी लगाने के लिए 49 स्थल चिन्हित किए गए हैं। नगर निगम यह काम कराएगा। सीसीटीवी सेफ सिटी के कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। इससे आपराधिक घटनाओं के साथ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा..., इन्द्रजीत सिंह, नगर आयुक्त, लखनऊ नगर निगम।

ये भी पढ़ें -अयोध्या: दो दिवसीय सांसद खेल प्रतियोगिता 29 नवंबर से, तैयारी पूरी

संबंधित समाचार