बरेली: कार और दस लाख के लिए महिला को घर से निकाला, पति के विदेश जाने पर जेठ व ननदोई ने किया दुष्कर्म का प्रयास
बरेली/ कैंट, अमृत विचार : महिला को ससुराल वालों ने दहेज में दस लाख नकद और कार के लिए प्रताड़ित कर उसे घर से निकाल दिया।महिला ने एसएसपी के आदेश पर ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसकी शादी 2 फरवरी 2022 को बिथरी चैनपुर क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे, इसलिए उसे प्रताड़ित करने लगे। उस पर दहेज में 10 लाख रुपये नकद और एक कार लाने का दबाव बनाने लगे।
असमर्थता जताने पर उससे मारपीट करने लगे। पति पीड़िता से अप्राकृतिक संबंध बनाने लगा। मार्च 2023 में पति सऊदी अरब चला गया। इसके बाद उसका जेठ ने उससे दुष्कर्म की कोशिश की उसके कपड़े फाड़ दिए, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 18 नवंबर 2023 को ननदोई ने उससे दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध पर सभी ने उसके साथ मारपीट की।
पति ने उसे पेट्रोल डालकर जला देने को कहा, उसके ऊपर पेट्रोल डाल दिया। इस दौरान दरवाजे पर कोई आ गया। तभी आरोपियों ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद बच्चों के साथ धक्के मार कर घर से निकाल दिया, बोले 10 लाख रुपये नकद और कार लिए बगैर घर लौटी, तो जान से मार देंगे। महिला ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी के निर्देश पर कैंट पुलिस ने पति समेत 8 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चाकू लेकर रात में घर में घुसकर हमला करने वाला आरोपी चाकू समेत गिरफ्तार, भेजा जेल: गांव चनेहटी के मजरा उलैहतापुर निवासी भोलू ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1 बजे अंबेडकर चौक निवासी पृथ्वीराज उर्फ भूरा उनके घर में घुसकर झगड़ा करने लगा विरोध करने पर मारपीट करने लगा। शोरगुल की आवाज पर लोग जमा हो गए, जिन्होंने बीच-बचाव कराया। इस पर पृथ्वीराज दोबारा घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
इसके बाद गुरुवार रात करीब 1:30 बजे वह चाकू लेकर घर में घुस आया मारपीट करने लगा और चाकू निकाल लिया। किसी प्रकार भोलू ने अपने आप को बचाया। लोगों को देखकर आरोपी भाग गया। भोलू की तहरीर पर कैंट पुलिस ने आरोपी पृथ्वीराज उर्फ भूरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने आरोपी पृथ्वीराज को चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया, उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने ई -रिक्शा चोरी की 18 दिन बाद रिपोर्ट लिखी: सदर बाजार स्थित न्यू कॉलोनी सब्जी मंडी निवासी सोनू ने बताया कि 4 नवंबर की रात उसके घर के बाहर से ई- रिक्शा चोरी हो गई थी। जिसकी तहरीर उन्होंने 5 तारीख की सुबह कैंट थाने में दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। हर बार पीड़ित को कार्रवाई का आश्वासन देकर थाने से भगा दिया जाता था। पीड़ित थाने के चक्कर काट कर परेशान हो गया। पुलिस ने 18 दिन के बाद गुरुवार को अज्ञात के खिलाफ ई रिक्शा चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
