हल्द्वानी: पहाड़ और मैदान के तापमान में 11 डिग्री का अंतर
हल्द्वानी, अमृत विचार। अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में पहाड़ में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। यहां रात और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है तो वहीं मैदानी इलाकों में दिन के समय अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। जिस वजह से पहाड़ और मैदान के तापमान में भारी अंतर दर्ज हो रहा है।
बीती 16 अक्तूबर को हुई बारिश के बाद पहाड़ के मौसम में अचानक परिवर्तन आ गया। यहां तापमान तेजी के साथ नीचे आने लगा। मुक्तेश्वर में इन दिनों अधिकतम तापमान 18 डिग्री चल रहा है जो सामान्य से एक डिग्री कम है तो वहीं न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री है।
इधर हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री के आसपास चल रहा है जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। साथ ही न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अक्तूबर के अंतिम सप्ताह से हल्की ठंड की शुरूआत हो जाती है, जिस वजह से मैदानी इलाकों में भी रात को न्यूनतम तापमान काफी नीचे गिर जाता है।
हालांकि इन दिनों दिन के समय चटख धूप निकल रही है, जिस वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा है। इधर पहाड़ों में कड़ाके की ठंड की शुरूआत हो गई है। पहाड़ों में दिन और रात के तापमान में नौ डिग्री का ही अंतर दर्ज हो रहा है। मैदान और पहाड़ के अधिकतम तापमान की बात करें तो दोनों में ही करीब 11 डिग्री का अंतर चल रहा है।
बारिश का नहीं है अनुमान
हल्द्वानी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले एक सप्ताह के दौरान नैनीताल जिले में हल्के बादल तो छाए रहेंगे लेकिन बारिश होने का अनुमान है। जिले में अक्तूबर में अभी तक 21.5 मिमी बारिश हुई है जो सामान्य से 44 डिग्री कम है। मानसूनी बारिश की बात करें तो इस बार जिले में मानसून की अच्छी बारिश हुई थी।
उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा। आसमान मुख्यत: साफ रहेगा।
-विक्रम सिंह, निदेशक, राज्य मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून
