यूपी में 80 सीटें जीतकर तीसरी बार बनाएंगे भाजपा की सरकार : प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
जिला कार्यालय पर बैठक को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी।
अमरोहा, अमृत विचार। भाजपा के जिला कार्यालय में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा, हमने 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी कर ली है। इस बार उत्तर प्रदेश की 80 सीटें जीतकर तीसरी बार मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनाएंगे। देश की जनता जान चुकी है, जो भी गठबंधन राजनीतिक पार्टियों ने किया है, वह अपने हित के लिए किया है। जबकि भाजपा का गठबंधन जनता से है और जनता का गठबंधन मोदी और योगी से है। यह लोग कुछ भी कर लें, जनता हमारे साथ है।
जोया रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में सोमवार को भाजपा के कार्यक्रम व अभियानों को लेकर जनपद स्तर की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी शामिल हुए। जिलाध्यक्ष उदयगिरि गोस्वामी ने उनका स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी हाईकमान की ओर से चल रहे कार्यक्रम व सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी ली। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का अह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछली बार हमने प्रदेश में 64 सीटें जीती थीं। 16 सीटें रह गई थीं, लेकिन इस बार हम 80 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे। इसके लिए एक-एक कार्यकर्ता ने अपने स्तर से तैयारियां कर ली है।
आज जिला भाजपा कार्यालय, जनपद अमरोहा में आयोजित "कार्यकर्ता बैठक" को सम्बोधित किया। pic.twitter.com/ovPlGyou8Q
— Bhupendra Singh Chaudhary (@Bhupendraupbjp) October 23, 2023
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग चुनावी और गठबंधन कर रहे हैं, वह कामयाब नहीं हो पांएगे। जनता जान चुकी है कि यह राजनीतिक पार्टियां अपने हितों के लिए गठबंधन कर रही हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में छह माह पहले समाजवादी पार्टी प्रदेश में सारी सीटें जीत रही थीं। अखिलेश यादव छह माह पहले ही मुख्यमंत्री बन गए थे। अभी लोकसभा चुनाव में छह माह बाकी हैं। इसलिए अखिलेश यादव प्रधानमंत्री बनने का सपना भी देख सकते हैं। क्योकि सपने देखने का सभी को अधिकारी है।
पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व में एनडीए का हिस्सा कौन बनेगा और कौन नहीं बनेगा, यह निर्णय केंद्रीय पार्टी लेगी। आजम खां की एनकाउंटर वाली बात पर कहा कि पता नहीं आजम खां किस परिपेक्ष में यह बात कह रहे हैं। लेकिन वह कानून की अभिरक्षा में है। सरकार आजम खां को पूरी सुरक्षा दे रही है।
बैठक में ये रहे उपस्थित
एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, धनौरा विधायक राजीव तरारा, हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, नगराध्यक्ष प्रेम सिंह सैनी, जिला युवा मोर्चा शुभम चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष शशि जैन, पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, पूर्व विधायक संगीता चौहान, हसनपुर पालिका अध्यक्ष राजपाल सैनी, सैदनगली पालिका अध्यक्ष डा. अनुकृति चौधरी, निखिल जैन, अखिल जैन, सुमित गुर्जर, मोनू यादव, मरगूब सिद्दीकी, शिवम टंडन, सनी सक्सेना व फजले चौधरी आदि शामिल रहे।
ये भी पढ़ें : अमरोहा: धूमधाम से निकाली मां शेरावाली की शोभायात्रा, लोगों ने किया भव्य स्वागत
