चित्रकूट : गौशाला में प्रधान और पुत्र पर जानलेवा हमला, प्रयागराज रिफर

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

चित्रकूट, अमृत विचार। गौशाला में मवेशियों को चारा डाल रहे प्रधान और उसके पुत्र पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से दोनों को जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। प्रधान की पत्नी ने इस संबंध में छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मामला भरतकूप थानांतर्गत इटखरी गांव का है। यहां की निवासी लीलावती ने बताया कि शनिवार की सुबह उसके पति सुरेश कुमार यादव, जो गांव के प्रधान हैं, गौशाला में मवेशियों को चारा डालने गए थे। उनके साथ उनका 18 वर्षीय बेटा जितेंद्र भी था। लीलावती का आरोप है कि लगभग साढ़े आठ बजे गांव के जगमोहन यादव पुत्र रामसजीवन, गया प्रसाद पुत्र शिवपूजन, बाला प्रसाद पुत्र गंगा प्रसाद, राजा भइया उर्फ प्रमोद पुत्र बदवा और छितानी पुत्र रघुराज वहां पहुंचे और गालीगलौज करते हुए धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से मारने पीटने लगे। इस संबंध में लीलावती ने इन सभी लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया। यहां हालत में सुधार न होने पर प्रयागराज रिफर किया गया है। पता चला है कि पुलिस कई लोगों को पूछतांछ के लिए कोतवाली भी ले गई है पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है।     

पुरानी रंजिश में की मारपीट
प्रथमदृष्टया मामला चुनावी रंजिश और गांव की राजनीति का लग रहा है। जानकारी के मुताबिक, तीन महीने पहले प्रधान सुरेश कुमार को किसी मामले में आरोपी होने पर उनके अधिकार निलंबित कर तीन सदस्यीय समिति गठित की गई थी। जांच के बाद निर्दोष साबित होने पर सुरेश को फिर से प्रधानी मिल गई। इसकी खुन्नस भी आरोपियों को थी। जानकारी के अनुसार, आरोपियों में पूर्व प्रधान भी है। एक आरोपी छितानी ने प्रधान का चुनाव लड़ा था और वह लगभग बीस वोटों से पराजित हुआ था।          

चुनावी रंजिश का मामला- एसओ
इस संबंध में थाना प्रभारी भरतकूप सूबेदार बिंद ने बताया कि प्रधान का प्रतिद्वंद्वी कुछ लोगों को लेकर गौशाला की वीडियो बना रहे थे। इसका प्रधान ने विरोध किया और विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई। प्रधान सुरेश और बेटे जितेंद्र को चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। 

यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा- सुनील शुक्ला
घटना की जानकारी पाने पर अखिल भारतीय प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष सुनील शुक्ला घायलों और परिजनों से मिले। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानों को कई तरह की विषम परिस्थितियों में काम करना पड़ता है। इसके बाद भी उनके साथ इस तरह की घटनाएं निंदनीय हैं। वह जिलाधिकारी से मिलकर प्रधानों की सुरक्षा का अनुरोध करेंगे।

ये भी पढ़ें -प्रयागराज : अतीक के भाई अशरफ का गुर्गा आतिन जफर गिरफ्तार

संबंधित समाचार