हल्द्वानी: मात्र 6 किमी. चलकर हांफी परिवहन निगम की बस, यात्री बेबस
हल्द्वानी, अमृत विचार। परिवहन निगम एक बार फिर अपनी लचर व्यवस्था के लिए चर्चा में है। यह देखने में आ रहा है कि निगम की बसें कभी पार्ट्स के अभाव में तो कभी बीच रास्ते खराब होने के कारण ठप हो रही हैं। जिसके कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हल्द्वानी डिपो की बस संख्या यूके-07 पीए 2825 यात्रियों को लेकर हल्द्वानी डिपो से नैनीताल के लिये जा रही थी। मात्र 6 किमी. चलने के बाद बस काठगोदाम डिपो के पास पहुंचते ही ठप पड़ गई।
आधा घंटे से अधिक बस वहां पर खड़ी रही। लेकिन जब बस ठीक नहीं हुई तो संबंधित परिचालक ने हल्द्वानी डिपो के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। बहुत देर तक इंतजार करने के बाद यात्रियों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने खटारा बसों को लेकर परिवहन निगम के प्रति गहरी नाराजगी जताई।
यात्रियों ने कहा कि निगम की बसें आये दिन खराब हो रही हैं। यात्रियों के हंगामा करने पर लगभग 1 घंटे बाद यात्रियों को काठगोदाम डिपो से बस उपलब्ध कराई गई। काठगोदाम डिपो की बस संख्या यूके 07 पीए 3159 को नैनीताल के लिये रवाना किया गया। तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
पार्ट्स के अभाव में बीच रास्ते ठप हो रही हैं निगम की बसें
रामनगर, भवाली, अल्मोड़ा, रानीखेत, काठगोदाम, हल्द्वानी, रुद्रपुर, काशीपुर हैं। निगम के कर्मचारी नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार देहरादून से पार्ट्स के अभाव में खराब बसों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। यूनियन के नेताओं ने कहा कि निगम के आला अधिकारी निजी हित के लिए अनुबंधित बसों को बढ़ावा दे रहे हैं। आये दिन बीच रास्ते बसें खराब होने से यात्रियों का परिवहन निगम के प्रति विश्वास कम होता जा रहा है।
निगम के पास अधिकांश बसें पुरानी हैं। लगभग सभी बसें 6 लाख किमी. से अधिक चल चुकी हैं। कुछ तकनीकी दिक्क्तों के कारण बस खराब हुई। ठीक न होने पर यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया। कुछ देर यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
- सुरेंद्र सिंह बिष्ट, सहायक महाप्रबंधक, हल्द्वानी डिपो, परिवहन निगम
