मुरादाबाद : एसएसपी बंगले के पास बमबाजी-फायरिंग, तीन लहूलुहान...पुलिस बेखबर
एक गंभीर हालत में दिल्ली रेफर, तीन हिरासत में
मुरादाबाद,अमृत विचार। महानगर में अफसरों की गलियों में बमबाजी-फायरिंग की घटनाएं आम हो गई हैं। ऐसे ही शुक्रवार रात भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आवास के पड़ोस में दुस्साहसपूर्ण वारदात हो गई। बमबाजी-फायरिंग में तीन लोग घायल हुए हैं। घटना से आसपास इलाके में दहशत है। सिविल लाइंस थाना पुलिस से लेकर जिम्मेदार तक इस घटना को शनिवार दोपहर तक दबाए रहे। मामला सुर्खियों में आया तो शाम को एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने घटना के संबंध में पुलिस का पक्ष सार्वजनिक किया।
घटना पीलीकोठी चौराहा पर मॉडल शॉप के पास की है। यहीं पर महीने भर पहले भी युवक को गोली मारी गई थी। वह मामला भी पुलिस के ठंडे बस्ते में हैं। पुलिस सुस्ती का ही नतीजा है कि शुक्रवार रात देसी बम चले और फायरिंग हुई है। इसमें तीन युवक घायल हुए हैं। एक दिल्ली रेफर हो गया है। नागफनी क्षेत्र के बंगला गांव के विष्णु पाल ने पुलिस को बताया है कि शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे वह अपने भाई बॉबी के जन्मदिन की पार्टी करके घर लौट रहा था। पीलीकोठी चौराहे के पास मॉडल शॉप के सामने पुलिस लाइन निवासी सनी गुर्जर उर्फ अर्जुन व दीपू यादव और कांशीरामनगर सीएल गुप्ता बाग के पास का ललित व बंगाला बाग का पीयूष व कुछ और लोग आकर उससे (विष्णु) से मारपीट करने लगे थे। इनके पास तमंचा, धारदार हथियार, देशी बम थे।
विष्णु को पीट रहे लोगों ने विरोध देखकर फायरिंग की और देशी बम फेंक दिया। इसमें विष्णु, ललित व पीयूष घायल हुए। विष्णु का कहना है कि हमले में पुलिसकर्मियों के बेटे हैं। इसकी वजह से पुलिस मामले में त्वरित कार्रवाई करने के बजाए दबाने की कोशिश करती रही। मामला सुर्खियों में आने के बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस हरकत में आई है। पीयूष को दिल्ली रेफर किया गया है। पिता पप्पू प्रजापति ने बताया, उनका बेटा पीयूष काशीपुर में चश्मे की दुकान पर काम करता है।
पीयूष के हाथ का तीन घंटे चला ऑपरेशन
बमबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए पीयूष (20 वर्ष) का बायां हाथ लहूलुहान हो गया है। पीयूष को गंभीर हालत में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पिता पप्पू प्रजापति ने बताया, उनके बेटे के बाएं हाथ के पंजे के चिथड़े उड़ गए हैं। करीब तीन घंटे तक उसके हाथ का ऑपरेशन चला है। सुमित उर्फ पीयूष के बडे़े भाई अभिषेक ने बताया, वह सहारनपुर में जॉब करते हैं। उसने कहा कि रात में करीब 11.30 बजे की घटना है। उसके भाई पीयूष को हमलावरों ने बम से हमला करके जान से मारने की कोशिश की है।
पूरी रात पुलिस रही बेखबर
बमबाजी और फायरिंग की घटना जिस जगह हुई, उससे कप्तान का बंगला चंद कदम की दूरी पर है। हैरत की बात है कि सिविल लाइंस थाना पुलिस कप्तान के बंगले के पड़ोस में हुई घटना से भी पूरी रात बेखबर रही। पुलिस कप्तान को भी घटना के बारे में ब्रीफ नहीं किया गया। पीयूष की मां ममता ने बताया, उनका बेटा तो काशीपुर से नौकरी करके लौट रहा था। रास्ते में उसे किसी ने फोन करके पीलीकोठी बुला लिया था। ममता ने बताया कि रात करीब 2 बजे टीएमयू हॉस्पिटल से किसी ने फोन करके उन्हें बेटे के जख्मी होने की जानकारी दी थी।
घटना को लेकर यह बोले सिविल लाइंस थानाध्यक्ष...
सिविल लाइंस थानाध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा का कहना है कि रात में मॉडल शॉप के पास जो बवाल हुआ है। उसमें दो-तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में इन लोगों ने फायरिंग करने की बात स्वीकार नहीं की है। मौका मुआयना में भी जाे मौजूद मिले वह लोग भी फायरिंग न होने की बात कह रहे हैं। घटना में दो लोगों के घायल होने की सूचना है। प्रकरण में मामला दर्ज किया है। इसमें चार लोग नामजद हुए हैं। इनमें सनी गुर्जर, ललित, दीपू यादव, पीयूष नामजद हैं।
रात 1:30 से 2:00 बजे की घटना है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला है कि कुछ युवक जन्म दिवस की पार्टी करके लौट रहे थे। पीछे से चार लड़के आए। इन लोगों में पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद था। इनमें एक ने विष्णु नाम के व्यक्ति को पकड़ लिया। इनकी खींचतान चल रही थी कि एक अन्य ने देसी बम फेंका जो फुटेज में दिख रहा है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ हो रही है। इसमें एक पक्ष के घायल का नाम पीयूष है। मामला दर्ज किया जा रहा है। संंबंधित सभी लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। - अखिलेश भदौरिया, एसपी सिटी
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : फिल्म डायरेक्टर इकराम अख्तर भेजे गए जेल, पुलिस ने मुंबई से किया था गिरफ्तार
