रुद्रपुर: 30 व 31 अगस्त को रुद्रपुर डिपो की हुई बंपर आय, 21 हजार यात्रियों ने किया बस से सफर
रुद्रपुर, अमृत विचार। रक्षा बंधन पर्व को लेकर असमंजस की स्थिति और उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से दो दिन महिलाओं को बसों में मुफ्त सफर कराने का लाभ परिवहन निगम को भी हुआ है। इसी के तहत रुद्रपुर डिपो की दो दिन में आय 36 लाख रुपये तक पहुंच गयी। वहीं दो दिन में करीब 21 हजार यात्रियों ने सफर किया।
रक्षा बंधन के पूर्व तक बारिश के चलते यात्रियों के नहीं निकलने से रुद्रपुर डिपो को प्रतिदिन 5 लाख रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था। इस बीच रक्षा बंधन के दौरान बारिश नहीं होने और पर्व के चलते लोगों ने यात्रा की। इसके बाद रक्षा बंधन की तिथि को लेकर हुए असमंजस के चलते निगम ने दो दिन तक महिलाओं को बसों में मुफ्त सफर कराने का तोहफा दे दिया था। यह तोहफा 30 अगस्त की सुबह 12 बजे से 31 अगस्त की रात 12 बजे तक दिया गया था। इस कारण महिलाओं ने परिवार के साथ मौके का जमकर फायदा उठाया।
इस दौरान बरेली मार्ग समेत स्थानीय मार्गों में यात्रियों की संख्या काफी रही। डिपो प्रबंधन ने भी मौके की नजाकत को समझते हुए बसों के फेरे बड़ा दिये। इसका फायदा डिपो के राजस्व में देखने को मिला। 30 अगस्त को 10 हजार यात्रियों ने रोडवेज की बसों से यात्रा की। इस दौरान निगम की 16 लाख तक पहुंच गयी। वहीं 31 अगस्त को 11 हजार लोगों ने बसों से सफर किया और निगम की आय 20 लाख रुपये तक पहुंच गयी।
रक्षा बंधन के पहले बारिश और अन्य कारणों के चलते यात्रियों की संख्या कम रही। इस कारण निगम को प्रतिदिन 5 लाख रुपये तक का नुकसान हो रहा था। वहीं रक्षा बंधन पर्व पर यात्रियों की संख्या काफी रही। इससे निगम की दो दिन की आय 36 लाख रुपये तक पहुंच गयी।
-महेंद्र कुमार, सहायक महाप्रबंधक, रुद्रपुर डिपो
