आपकी भी होने वाली है शादी, इन तरीकों से लगाएं पता कि आपका मंगेतर अच्छा साबित होगा या नहीं
शादी के फिक्स होने के बाद लड़का और लड़की अपने जीवनसाथी और आने वाले भविष्य को लेकर चिंतित होने लगते हैं। खासकर जब कपल एक दूसरे को पहले से नहीं जानते हैं, तो उनके मन में अपने होने वाले जीवनसाथी के लिए कई सवाल उठते हैं। अरेंज मैरिज के मामले में ज्यादातर ऐसा होता है कि कपल एक दूसरे को रिश्ता तय होने के बाद जानना शुरू करते हैं। बता दें सगाई से शादी के बीच का समय पार्टनर के लिए मन में उठे सवालों के जवाब को तलाशने का अच्छा मौका होता है।
कई सवाल होते हैं जो लड़का और लड़की दोनों के मन में उठते हैं जैसे क्या आपके मंगेतर एक अच्छे पति/ पत्नी साबित होंगे? उनके साथ शादीशुदा जीवन कितना मुश्किल या आसान हो सकता है? इन सारे सवालों के जवाब शादी से पहले ही जान लें तो बेहतर होता है। वहीं मंगेतर अच्छा है या नहीं, ये जानने के लिए आपको उनके साथ कुछ वक्त साथ बिताना पड़ेगा। एक दूसरे को वक्त देकर ही उनके व्यवहार और रहन-सहन को समझा जा सकता है। ऐसे में अगर आपकी भी शादी होने वाली है तो मंगेतर शादी के बाद अच्छा साबित होगा या नहीं ये जानने के लिए आज हम आपको कुछ तरीके बताने जा रहे हैं।
मंगेतर की पसंद-नापसंद को जानें
किसी अनजान शख्स के साथ पूरा जीवन बिताने के लिए जरूरी है कि आपको उनकी पसंद नापसंद पता हो। साथ ही क्या आप दोनों की पसंद में कुछ समानता है, ये जानकर आप पता लगा सकते हैं कि मंगेतर के साथ शादी करना कितना आसान या कठिन होने वाला है। अगर आप दोनों की कुछ हद तक पसंद मैच करती है तो साथ रहना आसान हो सकता है। वहीं अगर आप दोनों की नापसंद में कुछ विरोधाभास है, तो उस पर पहले से ही बात कर लें।
मंगेतर की सोच और व्यवहार जानें
बता दें मंगेतर और आपके विचारों में समानता जीवन आसान बना देगी। विचारों में बहुत अधिक विरोधाभास शादी के बाद विवाद की वजह बन सकता है। इसके अलावा उनका व्यवहार आपके प्रति, आपके परिवार, खुद के परिवार और अपने आसपास के लोगों के लिए कैसा है, ये पता लगाएं। क्या पार्टनर बहुत अधिक गुस्सैल है? क्या वह अपने आसपास के लोगों से अच्छे से बात करते हैं, क्या मंगेतर आपका सम्मान करते हैं? ये जानकर आप आसानी से तय कर पाएंगे कि शादी के बाद आपके पार्टनर अच्छे साबित हो सकते हैं या नहीं।
भविष्य को लेकर मंगेतर की योजना
शादी के बाद लड़के और लड़की दोनों का भविष्य एक दूसरे से जुड़ जाता है। ऐसे में आपके पार्टनर की भविष्य की योजनाओं पर आप का भी जीवन निर्भर करता है। भविष्य की योजनाओं में मंगेतर का करियर, आपके करियर को लेकर उनके विचार भी शामिल हो सकते हैं। शादी के बाद पार्टनर परिवार के साथ रहना चाहता है या अलग, फैमिली प्लानिंग के बारे में भी जान लें।
मंगेतर शादी से खुश हैं या नहीं
शादी से पहले मंगेतर से सबसे जरूरी सवाल पूछें कि क्या वह इस शादी से खुश हैं। क्या वह अपनी मर्जी से ये शादी कर रहे हैं? और शादी को लेकर उनके क्या विचार हैं, ये जान लें। बता दें अरेंज मैरिज में कभी-कभी पार्टनर खुलकर शादी को लेकर अपनी पसंद और इच्छा जाहिर नहीं कर पाते हैं। इसलिए उनकी शादी को लेकर राय जानें।
ये भी पढे़ं- लव हो या अरेंज मैरिज, इन टिप्स को अपनाकर शादीशुदा जिंदगी को बनाएं खुशहाल
