नाकामी से ध्यान भटकाने को नफरत की राजनीति कर रही मोदी सरकार : निर्मल खत्री
सोहावल में आयोजित कार्यकर्ता जनसंवाद कार्यक्रम को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने किया संबोधित
अयोध्या, अमृत विचार। केंद्र की सत्तारूढ़ सरकार ईडी और सीबीआई का प्रयोग विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए कर रही है। केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले 8 सालों में विपक्ष के नेताओं पर तीन हजार बार ईडी के छापे डलवाए, जिसमें सिर्फ 23 लोगों पर ईडी चार्जशीट दाखिल कर पाई। केंद्र की मोदी सरकार अपनी नाकामी से ध्यान हटाने के लिए देश में नफरत की राजनीति को बढ़ावा दे रही है। ये बातें कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने सोहावल में आयोजित कार्यकर्ता जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रत्येक तहसीलों में दलित समाज के साथ हर वर्ग के व्यक्ति कांग्रेस से जुड़ रहे हैं, उससे लग रहा है की जनता आगामी चुनाव में बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद पूरे देश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से सत्ताधारी दल घबरा गया है।
जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा केंद्र की सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतर पाई, आज पूरे देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। आम आदमी और व्यापारी जीएसटी के जाल में उलझ गया है। सरकार ने दैनिक उपयोग में आने वाली आवश्यक वस्तु पर टैक्स लगाकर महंगाई को बेलगाम कर दिया है। कार्यक्रम का संयोजन राजेंद्र प्रसाद रावत व संचालन रामसागर रावत ने किया।
इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्ष रेनू राय, शरद शुक्ला, रामेंद्र त्रिपाठी, लाल मोहम्मद बाबू, राम अवध, आजाद रावत, मो. विष्माउल, रमेश त्रिपाठी, पंकज सिंह, शादाब, रोहित, विजय,अर्जुन आदि मौजूद रहे।
कई लोगों ने थामा कांग्रेस दामन
जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम ने बताया कार्यकर्ता जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने साहेब आलम, एहसान खान, कल्लूखान, जावेद खान, नौशाद खान, मो. अहमद खान, शमशाद खान, फैजान खान, विश्वास विश्वकर्मा, नवीन खान, चरणजीत विश्वकर्मा, कल्लू लोहार ,जगदंबा पासवान, सुनील कुमार, फैजान अहमद को पार्टी का झंडा देकर पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण कराई।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से कटान हुई तेज, ग्रामीणों में बाढ़ का खौफ
