खुशखबरी : मुरादाबाद मंडल के किसानों को मिलेगा चीनी मिल का उपहार
35,000 किसानों को मिलेगा फायदा, बिजनौर के जहांगीरपुर में शुरू होगी मिल
मनोज पंवार, अमृत विचार। किसानों के लिए खुशखबरी है। क्योंकि मंडल में एक और नई चीनी मिल शुरू होने जा रही है। इससे करीब 35 हजार किसानों को फायदा मिलेगा। मंडल में चीनी मिलों की संख्या बढ़कर 23 हो जाएगी। सितंबर में मिल के ट्रायल की तैयारी की जा रही है। जिससे इसी गन्ना पेराई सत्र में चीनी मिल का आरंभ हो सके। मिल के साथ एक डिस्टलरी भी लग रही है। इसमें इथेनॉल बनाया जाएगा।
पश्चिमी यूपी में नकदी फसल गन्ने की पैदावार में इजाफा हुआ है। किसानों का रुझान भी गन्ने की खेती की ओर बढ़ा है। क्योंकि इस फसल में नुकसान कम होता है और एक बार बोया गन्ना दो-तीन साल फसल देता है। गन्ना पेराई के लिए चीनी मिलों का होना भी जरूरी है। हालांकि चीनी मिल के अलावा किसान कोल्हू पर भी गन्ना बेचते हैं। मंडल में 22 चीनी मिल हैं, लेकिन अब बिजनौर जनपद की चांदपुर तहसील के नूरपुर ब्लॉक में जहांगीरपुर जगह पर एक नई चीनी मिल शुरू होने वाली है। इसमें डेढ़ साल से निर्माण चल रहा है। चीनी मिल लगने से युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। मिल का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। मिल अधिकारी ट्रायल की भी तैयारी कर रहे है। मिल की पेराई क्षमता करीब एक लाख हजार प्रति क्विंटल होगी। इस मिल के चालू होने से किसानों को भी फायदा मिलेगा। जिन चीनी मिलों पर किसानों की संख्या ज्यादा है।
वहां पर कुछ कम होगी। मंडल में ही बिजनौर जनपद में ही चीनी मिलों की संख्या सबसे ज्यादा है। यहां पर नौ चीनी मिलें हैं और अब एक और लगने से संख्या 10 हो जाएगी। जिला गन्ना अधिकारी बिजनौर प्रभुनारायण ने बताया कि 60 एकड़ में चीनी मिल लगाई जा रही है। इसके साथ एक डिस्टलरी भी लग रही है। उसमें इथेनॉल बनाया जाएगा। इस चीनी मिल को बिंदल पेपर ग्रुप लगवा रहा है।
इस मिल की पेराई क्षमता एक लाख प्रति क्विंटल होगी और इस मिल से शुरुआत में करीब 30 से 35 हजार किसानों को लाभ मिलेगा। गन्ना उप आयुक्त हरपाल सिंह ने बताया कि चीनी मिल में निर्माण कार्य चल रहा है। इसी पेराई सत्र में चीनी मिल को चलाने की तैयारी है। 30 सितंबर को मिल का ट्रायल होगा। इसके बाद अक्टूबर से मिल चालू हो जाएगी। इस मिल के लगने से क्षेत्र के किसानों को फायदा मिलेगा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कमाने वाला कोई नहीं, 6 माह से श्यामलाल बीमार...जानिए पूरा मामला
