जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर प्रदेश को आगे बढ़ा रही सरकार : जितिन प्रसाद
कैबिनेट मंत्री ने फतेहपुर शरीफ नगर में वृहद वृक्षारोपण अभियान का किया आरंभ, आमजन से पौधरोपण कर उनकी देखभाल करने का किया आह्वान
बहजोई(संभल), अमृत विचार। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। प्रदेश में बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में 35 करोड़ पौधे लगाकर पूरे देश में प्रदेश अव्वल स्थान पर रहेगा। कैबिनेट मंत्री ने बहजोई में पौधा लगाकर सभी से पौधरोपण करने का आह्वान किया।
बहजोई की ग्राम पंचायत फतेहपुर शरीफ नगर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश की सरकार घोषणा करने पर विश्वास नहीं काम करने पर विश्वास रखती है। जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। आज चारों तरफ एक्सप्रेस वे बन रहे हैं। जनता की कनेक्टिविटी के लिए मुख्यालय से जोड़ा जा रहा है।
सरकार ऐसी योजनाएं चला रही है जिससे अंतिम व्यक्ति का जीवन स्तर उठाया जा सके। विपक्ष की सरकारों में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहता था। इसलिए प्रदेश विकास में पिछड़ा राज्य बन कर रह गया था। आज प्रदेश व केंद्र सरकार ने ऐसी योजनाएं बनाई हैं कि देश और प्रदेश विकास के पथ पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के 35 करोड़ पूरे प्रदेश में पौधे लगाने के कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पौधरोपण करने में पूरे देश में प्रदेश आगे रहेगा। प्रत्येक व्यक्ति पौधरोपण करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर एक-एक पौधा जरूर लगाएं और उनकी देखभाल भी करें। इस दौरान डीएम मनीष बंसल, सीडीओ कमलेश सचान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़क वंशी, चेयरमैन राजेश शंकर राजू, कमल कुमार कमल, ब्लाक प्रमुख सुगंधा सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. राजीव वार्ष्णेय ने किया।
कैबिनेट मंत्री ने की शुरुआत, 9 बीघा जमीन पर हुआ 15 हजार पौधों का रोपण
बहजोई। ग्राम पंचायत फतेहपुर शरीफ नगर में 9 बीघा भूमि पर विशेष रुप से वाटिका बनाई गई। जहां पर सबसे पहले कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने मंत्रोच्चारण के साथ पौधरोपण किया। इसके बाद डीएम मनीष बंसल व सीडीओ कमलेश सचान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव सहित एनसीसी व स्काउट केडिट सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण किया। यहां 15 हजार पौधे लगाये गये। कैबिनेट मंत्री ने सभी से जब तक वह पौधे वृक्ष न बन जाएं तब तक उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
अधिकारियों से बोले मंत्री-हुआ घोटाला तो होगी कार्रवाई
बहजोई। पीडब्ल्यूडी के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद जीरो टॉलरेंस की नीति को लेकर पूरे दमखम के साथ बोल रहे थे। उन्होंने अचानक पीडब्ल्यूडी विभाग के अफसरों को मंच पर बुला लिया। फिर उनसे मुखातिब होकर बोले कि पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से जो भी सड़कें बन रही है उनमें भ्रष्टाचार नहीं होना चाहिए। अगर सड़कें मानक के अनुसार नहीं मिलीं तो वह चेतावनी दे रहे हैं,गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस पर वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर मंत्री की इस बात का जमकर स्वागत किया।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिलाया, उपचार के दौरान छात्रा की मौत
