रुद्रपुर: कल्याणी नदी में बहा युवक, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू
एसपी सिटी, विधायक एवं पूर्व विधायक ने ली जानकारी
रंपुरा बस्ती का रहने वाला है युवक, रेस्क्यू टीम मुस्तैद
रुद्रपुर, अमृत विचार। कल्याणी नदी का अचानक जलस्तर बढ़ने से जहां एक मासूम की जान बच गई। वहीं रंपुरा बस्ती का एक युवक नदी के बहाव में बह जाने का मामला सामने आया है।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी, विधायक और पूर्व विधायक ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और मामले की जानकारी ली। साथ ही एसडीआरएफ की टीम ने युवक को ढूंढने का काफी प्रयास किया। मगर युवक का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। जिसके बाद राहत दल ने नाव के माध्यम से युवक को खोजने की मुहिम चलाने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार रंपुरा वार्ड-22 निवासी 35 वर्षीय राजेंद्र कोली बुधवार की सुबह सात बजे किसी काम से कल्याणी नदी के बहाव वाले इलाके में गया था। अचानक उसका पैर फिसलने के कारण वह नदी में जा गिरा। जब तक लोग कुछ समझ पाते युवक नदी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इसके बाद सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, विधायक शिव अरोरा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। आला अधिकारियों के आदेश पर एसडीआरएफ की एक टीम मौके पर पहुंची और कई बार डूबकी और टायर नाव के माध्यम से युवक को खोजने का प्रयास किया। मगर, तीन घंटे की मशक्कत के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लगा। जिसके बाद टीम ने बड़ी नाव के जरिए खोजबीन अभियान शुरू करने की रणनीति बनाई।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि सूचना मिलते ही रंपुरा पुलिस चौकी के अलावा रेस्क्यू टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया था। युवक की काफी खोजबीन भी की। बावजूद लगातार रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को खोजने का प्रयास जारी रहेगा।
साथ ही उन्होंने नदी के किनारे बसे परिवारों को नदी में नहीं जाने का आदेश भी दिया है। बताते चलें कि मंगलवार की देर शाम को भी शिवनगर का रहने वाला पांच वर्षीय मासूम आशीष भी खेलते-खेलते नदी में जा गिरा था। मगर डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर मंगला बाछाड नाम के एक युवक ने उसकी जान बचा ली थी।
