अमरोहा: बेटे की मौत के सदमे में पिता ने दम तोड़ा, मां की हालत बिगड़ी

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

लंबी बीमारी के चलते हुई बेटे की मौत, अंतिम संस्कार के बाद बिगड़ गई पिता की हालत

कैसरा/अमरोहा, अमृत विचार। बेटे के अंतिम संस्कार के बाद सदमे में  पिता ने भी दम तोड़ दिया। साथ ही मां की हालत बिगड़ गई। एक साथ दो लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
 
कैसरा में नारायन सिंह का परिवार रहता है। उनके तीन बेटे महेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह व खजान सिंह थे। तीनों भाईयों की गांव में ही मिठाई की दुकान है। सबसे बड़े बेटे महेंद्र की दो साल पहले दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। वह अपने पीछे पत्नी व तीन बच्चों को छोड़ गया है। बताया गया कि नारायन सिंह का मझला बेटा खजान सिंह पिछले एक साल से बीमार था।

 उसके फेफड़े खराब हो चुके थे। खजान सिंह के परिवार में पत्नी गुड्डी व दो बच्चें हैं। गुरुवार को खजान सिंह की मौत हो गई थी। शुक्रवार को परिवार के लोग उसे अंतिम संस्कार के लिए तिगरी ले गए थे। शाम को वहां से लौटे तो रात में अचानक खजान सिंह के पिता नारायन सिंह की हालत बिगड़ गई। 

परिजन उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में नारायन सिंह ने दम तोड़ दिया। एक साथ बेटे और पति की मौत का सदमा होने पर नारायन सिंह की पत्नी रामकली की भी हालत बिगड़ गई। जिन्हे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शनिवार को परिजनों, रिश्तेदारों व गांव के लोगों ने नम आंखों के साथ तिगरी में ही नारायन सिंह के शव का अंतिम संस्कार किया।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा : शिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी शिवभक्तों की भीड़, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

संबंधित समाचार