बरेली: बेखौफ चोरों ने मीरगंज में दो घरों को बनाया निशाना, लाखों रुपए के जेवरात और नकदी लेकर फरार
बरेली,अमृत विचार। बेखौफ चोरों ने मीरगंज के दो घरों से लाखों रूपए का 27 तोला सोना, एक किलो चांदी और दो लाख 70 हजार रूपए की नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर दोनों घरों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल करने के बाद अज्ञात चोरों की तलाश शुरु कर दी।
मीरगंज थाना क्षेत्र के नगरिया कल्याण के अंसारी मोहल्ले के रहने वाले अहमद नबी पुत्र मुन्ने की नोएडा में कपड़े बनाने की फैक्ट्री है। अहमद नबी तीन भाई हैं। तीनों भाई बाहर ही रहते हैं। अहमद नबी की चार माह पहले शादी हुई है। पुलिस ने बताया कि अहमद नबी की मां दूसरे भाई के घर में सो रही थीं और उनकी बहु अपनी मायके भोजीपुरा चली गई थी। इस दौरान चोरों को मौका मिल गया। अहमद नबी के घर से चोर 17 तोला सोना, दो लाख रूपए नकद और एक किलो चांदी समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। वहीं दूसरा घर जाकिर हुसैन पुत्र असगर हुसैन का है।
उनकी भी नोएडा में कपड़े बनाने की फैक्ट्री है। वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी बीच अज्ञात चोर उनके घर में भी दाखिल हो गए। चोर उनके घर से दस तोला सोना, चांदी के जेवरात और सत्तर हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह घटना की जानकारी होने पर दोनों घरों में हड़कंप मच गया। लाखों रूपए की चोरी की जानकारी पर गांव
में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। इंस्पेक्टर मीरगंज हरेन्द्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच पड़ताल में चोरों के घर में दाखिल होने का कोई भी क्लू नहीं मिला है। अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बरेली: अज्ञात वाहन की टक्कर से हलवाई की मौत, काम से लौटते वक्त हुआ हादसा
