लखनऊ: दबंगों ने दिव्यांग व उसके भाई को खौलते तेल की कढ़ाई में ढकेला, प्राथमिकी दर्ज
लखनऊ/ अमृत विचार। पारा थाना क्षेत्र में नशे में धुत दबंगों ने दिव्यांग और उसके भाई को सरेराह बुरी तरह पीटा और खौलते तेल के कड़ाहे में झोंक दिया। जिससे दिव्यांग और उसके भाई गंभीर रूप से जल गये। दोनों का वर्तमान में सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना गत 3 जुलाई की रात नरपतखेड़ा गांव की बताई जा रही है। शुक्रवार को पीड़ित भाइयों के पिता ने पारा कोतवाली में कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पारा थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि पीड़ितों के पिता कन्हई लाल ने बताया कि गत 03 जुलाई को पड़ोसी पड़ोसी सुनील लोधी के घर में भण्डारा था। जिसमें दिव्यांग बेटा रामू और कमल गये हुए थे। रात करीब 10:30 बजे खाना खाने के बाद रामू घर लौटने लगा। तभी रिंकू, ट्विंकल, अनिल और गोविंद सामने आ गये। सभी नशे में धुत थे।
बैसाखी के सहारे चल रहे रामू को देखते ही सभी उसे लंगड़ा कहकर चिढ़ाने लगे। रामू ने विरोध किया तो उसे धक्का देकर गिरा दिया और पीटने लगे। रामू को पिटता देख, छोटा भाई कमल बीच-बचाव को पहुंचा तो उसे भी पीटा। इसके बाद धक्का देकर समीप में रखे खौलते तेल के कढ़ाहे में गिरा दिया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग आए और बुरी तरह झुलसे दोनों भाइयों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया।
जहां से सिविल अस्पताल के बर्न यूनिट में रेफर कर दिया गया। पिता कन्हई लाल ने बताया कि बेटों की तीमारदारी के कारण वे तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं करा सके। शुक्रवार को कन्हई की लिखित शिकायत पर पुलिस ने रिंकू, ट्विंकल, अनिल, गोविंद व नीलम के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच में चली तबादला एक्सप्रेस: आठ चौकी इंचार्ज समेत 14 के कार्य क्षेत्र में बदलाव, देखें लिस्ट
