काशीपुरः जीपीएस सिस्टम से निगम कर रहा कूड़ा वाहनों की मॉनिटरिंग, शिकायतों के बाद निगम ने लिया एक्शन

Amrit Vichar Network
Published By Shobhit Singh
On

काशीपुर, अमृत विचार। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए लगाए गए वाहनों में तैनात कर्मचारी अब न तो कामचोरी कर पाएंगे और न ही वाहनों से तेल चोरी। आए दिन वाहनों में तैनात कर्मचारियों की कामचोरी और तेल चोरी की शिकायतों को देखते हुए नगर निगम ने कूड़ा कलेक्शन में लगे सभी वाहनों को जीपीएस सिस्टम से लैस कर दिया है। अब मुख्य नगर अधिकारी खुद इन वाहनों की निगम में ही बैठकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

नगर निगम क्षेत्र में 40 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए ठेका दिया गया है। कूड़ा कलेक्शन के लिए ठेका कंपनी को नगर निगम ने 23 वाहन उपलब्ध कराए हैं। जबकि इन वाहनों में कंपनी के कर्मी तैनात किए गए हैं। अक्सर यह शिकायत सामने आती थी कि मोहल्ले में दो दिन से कूड़ा वाहन नहीं आया। जबकि वाहनों में तेल पूरा उपलब्ध कराया जा रहा था। इन्हीं शिकायतों को देखते हुए नगर निगम ने सभी वाहनों को जीपीएस सिस्टम से लैस कर दिया है। इसके बाद वाहनों की लोकेशन, वाहनों के चलने के किलोमीटर की पूरी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। 

यह भी पढ़ें- खटीमाः धूमधाम से मनाया 19 कुमाऊं रेजीमेंट का स्थापना दिवस, शहीद सैनिकों को दी श्रद्धांजलि

नगर निगम ने कूड़ा कलेक्शन के लिए छह नए वाहन खरीदे हैं। रजिस्ट्रेशन समेत अन्य प्रक्रिया होने के बाद सभवत: एक या दो दिन में वाहन निगम को मिल जाएंगे। बता दें कि इस समय निगम के पास 40 वार्डों से कूड़ा उठाने के लिए 23 छोटे, चार डंपर, छह ट्रैक्टर ट्रॉलियां और 10 रिक्शा मौजूद हैं। लेकिन, अब छह छोटे वाहन मिलने से इनकी संख्या 29 हो जाएगी। वहीं, निगम ने करीब 32 लाख कीमत की एक नई तकनीक की जेसीबी भी खरीदी है। यह जेसीबी अपनी लोकेशन स्वयं बता दे देगी। साथ ही काम मौके पर चल रहा है या बंद है इसकी भी जानकारी देगी।

आए दिन वाहनों में तैनात कर्मचारियों की कामचोरी और तेल चोरी की शिकायतों को देखते हुए नगर निगम ने कूड़ा कलेक्शन में लगे सभी वाहनों को जीपीएस सिस्टम से लैस कर दिया है। अब वाहन किसी स्थान पर इसकी जानकारी आसानी से मिल रही है। इसके अलावा कूड़ा उठाने के लिए छह नए छोटे वाहन खरीदे गए हैं। साथ ही एक नई तकनीक की जेसीबी भी क्रय की गई है -विवेक राय, नगर आयुक्त, नगर निगम काशीपुर।