हल्द्वानी: मुखानी में फिर बेकाबू हुई कार, कई वाहनों के परखच्चे उड़े

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी थाना क्षेत्र में फिर एक बार कार बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों और लोगों को अपनी चपेट में लिया। जिसमें आधा दर्जन लोग बुरी तरह घायल हो गए और एक महिला के दोनों पैर टूट गए। गुस्साई भीड़ ने कार चालक को पकड़कर पीट दिया। जिसे बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। 
 

पुलिस के मुताबिक बुधवार देर शाम कार सवार एक युवक अपने तीन दोस्तों के साथ फतेहपुर की ओर से आ रहा था। कठघरिया स्थित सुयाल फीलिंग पंप के पास एक वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई और एक टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया। जोरदार टक्कर में टेंपो सवार लोग छिटक कर सड़क पर गिर गए।

कार सवार ने भागने के चक्कर में एक बाइक और फिर एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंपो के परखच्चे उड़ गए। जबकि बाइक और स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में करीब 6 लोग घायल हुए हैं और एक महिला की हालत नाजुक है। इस महिला के दोनों पैर टूट गए हैं।

घटना से नाराज लोगों ने कार सवार को घेर कर पीट कर दिया। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद चालक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घायल महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुखानी थानाध्यक्ष रमेश बोहरा ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। महिला का उपचार चल रहा है।

संबंधित समाचार