जालौन : संदिग्ध अवस्था में युवक की मौत, मां ने लगाया पति और उसके साथियों पर हत्या का आरोप 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

गोहन थाना क्षेत्र के नारायनपुरा गांव की घटना 

सरावन/ जालौन, अमृत विचार। गोहन थाना क्षेत्र के नारायणपुरा गांव में सुबह 9:30 बजे के आसपास एक युवक का शव खेत में खड़े बबूल के पेड़ पर संदिग्ध अवस्था मे लटका हुआ मिला। छोटे भाई व चाचा ने मौके पर पहुंच कर उसे उतारा, कुछ उम्मीद दिखाई दी तो उसे फौरन अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक की मां केश कुमारी ने अपने पति व उसके दो मित्रों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने अभी तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत नहीं किया है। थानाध्यक्ष ने जांच पड़ताल की बात कही है।

गोहन थाना क्षेत्र के नरायन पुरा गांव में अंकित 18 वर्ष पुत्र रूपचंद्र कुशवाहा की संदिग्धवस्था में मौत हो गई। उसका शव खेत पर खड़े बबूल के पेड़ से लटका मिला। मृतक का छोटा भाई अनुज जब उस ओर गया और भाई को लटका देखा तो चीख पड़ा। उसकी चीख सुनकर आसपास के किसान दौड़े और चाचा बलबीर भी पहुंच गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने पुलिस, डायल 112 और पुलिस के आला अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद हल्का इंचार्ज धर्मवीर सिंह ने परिजनों से पूछतांछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

मृतक की मां ने पुलिस को जो लिखित सूचना दी उसमें बेटे की हत्या होने की बात कही है। उसने अपने पति रूपचन्द्र और उसके सरावन निवासी मित्र दुर्योधन व जितेंद पर हत्या का आरोप लगाया। उसने बताया सात दिन से हम लोगों से मारपीट कर रहे थे। मां की तहरीर पर पुलिस ने समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने मामले की जांच पड़ताल की जा रही है, मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।

बेटे का शव  देखने नहीं पहुंचा पिता
नारायणपुरा गांव में सुबह अंकित की मौत की खबर से हर कोई दुखी था। पूरे गांव में मातम छाया था। वह अपने व्यवहार से सभी का प्रिय था। हर किसी की आंख नम थी। बाबा गंगादीन कुशवाहा समेत पूरा परिवार बिलख रहा था। मां बार बार बेहोश हो रही थी। मृतक का पिता अपने बेटे का शव देखने भी नहीं पहुंचा। इस बात की चर्चा वहां मौजूद लोगों में होती रही।


ये भी पढ़ें -Ayodhya Sunbeam School : पीड़ित परिवार से मिले बाल संरक्षण आयोग सदस्य, कही ये बड़ी बात

संबंधित समाचार