बरेली: संघ प्रमुख मोहन भागवत का लाइव संबोधन कल
बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पर्यावरण संरक्षण विभाग और हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउंडेशन (एचएसएसएफ) की ओर से रविवार को प्रकृति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें सुबह 10 से 11 बजे तक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का ऑनलाइन संबोधन होगा। इसमें पदमश्री से सम्मानित रमेश बाबा मथुरा भी मौजूद …
बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पर्यावरण संरक्षण विभाग और हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउंडेशन (एचएसएसएफ) की ओर से रविवार को प्रकृति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें सुबह 10 से 11 बजे तक संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का ऑनलाइन संबोधन होगा।
इसमें पदमश्री से सम्मानित रमेश बाबा मथुरा भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में ब्रज प्रांत के करीब दो लाख से अधिक परिवारों के शामिल होने की संभावना है। इनके पंजीकरण कराए जा चुके हैं। केवल बरेली में ही 10 हजार परिवारों को इसका लिंक स्वयंसेवकों ने भेजा है।
संघ ने इस कार्यक्रम से स्वयंसेवकों को जोड़ने के लिए कई दिनों से तैयारी कर रखी है। इसके लिए पंजीकरण करवाया गया है। कार्यक्रम के बाद हरित घर का एक सितारा प्रमाण पत्र भी प्रतिभागी परिवारों को प्रदान किया जाएगा। इसके लिए लिंक उपलब्ध कराया गया है। ब्रज प्रांत के अन्य 28 जनपदों में पंजीकरण का लक्ष्य 2.50 लाख निर्धारित किया गया था।
अभी तक करीब दो लाख परिवारों का पंजीकरण कराया जा चुका है। इसका प्रसारण संघ ब्रज प्रांत के फेसबुक पेज पर लाइव किया जाएगा। इसमें करीब 30 मिनट तक संघ प्रमुख का संबोधन होगा। कार्यक्रम में वृक्ष की पूजा और रक्षा का संकल्प लिया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर पूरी तैयारी की गई है। बरेली, मुरादाबाद, आगरा समेत ब्रज प्रांत के सभी जनपदों को मिलाकर 2.50 लाख परिवारों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस कार्यक्रम को लेकर स्वयं सेवकों में काफी उत्साह है। – धर्मेंद्र सचान, पर्यावरण गतिविधियों के विभाग संयोजक
प्रकृति वंदन कार्यक्रम में शामिल करने के लिए अधिक से अधिक परिवारों को लिंक शेयर किया गया है। इसको लेकर स्वयंसेवकों ने तैयारी की है। इसमें वृक्ष का तिलक वंदन करने के बाद पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा। ब्रज प्रांत के फेसबुक पेज के जरिए भी संबोधन को सुना जाएगा। -आनंद कुमार, विभाग प्रचारक संघ
