Udham Singh Nagar : शांतिपुरी में मिला दुर्लभ प्रजाति का रेड कोरल सांप, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
शान्तिपुरी, अमृत विचार। शान्तिपुरी क्षेत्र में एक दुर्लभ प्रजाति का रेड कोरल कुकरी सांप पाया गया है। जिसे वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि इस दुर्लभ प्रजाति के सांप को अब तक उत्तराखंड के चार स्थानों में ही देखा गया है।
शान्तिपुरी नंबर दो भरतपुर डाम सुभाष जोशी के घर के पास में एक दुर्लभ प्रजाति का सांप दिखाई दिया। सुभाष ने आनन-फानन में लाल रंग के सांप को देखने की सूचना वन विभाग के कर्मचारी सोनू कार्की को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी सोनू ने सांप को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान में छोड़ दिया।
रेंजर नवीन पवार ने बताया कि यह सांप, रेड कोरल कुकरी सांप है, जो कि दुर्लभ प्रजाति का है। उत्तराखंड में इससे पहले सिर्फ तीन स्थानों में देखा गया था। जिसमें पहली बार 2015 में खटीमा क्षेत्र में इस सांप को देखा गया था।
उसके बाद साल 2020 में नैनीताल जिले में देखने को मिला था, और तीसरी बार भी 2022 में शान्तिपुरी क्षेत्र में देखने को मिला था। अति दुर्लभ श्रेणी में आने वाला यह एक विष रहित सांप होता है जो छोटे जीव जंतु, चूहे, मेढ़क को अपना भोजन बनाता है।
