नगर निकाय चुनाव: शहर की सरकार के सिरमौर का फैसला कल, मतगणना का डीएम ने किया निरीक्षण
लखनऊ/अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला शनिवार को होगा। जिले में सुबह 8 बजे से कड़ी निगरानी के बीच महापौर, पार्षद, नगर पंचायत अध्यक्ष व सदस्य के कुल 807 पदों के वोटों की गिनती कराई जाएगी। मतगणना के कार्मिक सुबह 6 बजे संबंधित स्थलों पर पहुंचेंगे। जिसके पुलिस-प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं।
मतगणना प्रक्रिया पूरी होने तक चलेगी। नगर निगम के मतों की गिनती शहर के रमाबाई स्थल में ईवीएम से होगी। जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष व सदस्य की मतगणना तहसील क्षेत्र में मतपत्रों से होगी। दोनों जगह 113-113 टेबल लगाई गई हैं। पार्षद पदों की मतगणना पांच राउंड में हो जाएगी। जबकि महापौर की मतगणना का परिणाम करीब 35 राउंड के बाद आएगी।
डीएम व संयुक्त पुलिस आयुक्त ने परखी तैयारी
शुक्रवार को रमाबाई स्थल पर मतगणना के लिए टेबल, माइक, बैरीकेडिंग, जाली, सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी, बिजली, पानी आदि इंतजाम किए गए। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। जिसकी ब्रीफिंग भी कराई गई। जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने संयुक्त पुलिस आयुक्त उपेन्द्र अग्रवाल के साथ रमाबाई स्थल का निरीक्षण कर व्यस्थाएं देखीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिसकी शुक्रवार रात तक कार्यक्रम स्थलों पर तैयारी की जाती रही।
आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति नहीं बनेगा मतगणना अभिकर्ता
जिलाधिकारी ने शनिवार को होने वाली मतगणना को लेकर चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार निर्देश जारी किए। कहा, एमएलए, एमएलसी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष आदि गणमान्य व्यक्तियों या सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति को मतगणना अभिकर्ता नियुक्त नहीं किया जा सकता है और न ही उनको मतगणना स्थल के अंदर प्रवेश की अनुमति होगी। आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति मतगणना अभिकर्ता नहीं बनाया जाएगा।
महापौर पद के लिए ये प्रत्याशी मैदान में
भाजपा - सुषमा खरकवाल
सपा - वंदना मिश्रा
कांग्रेस - संगीता जायसवाल
बसपा - शाहीन बानो
आम आदमी पार्टी - अंजू भट्ट
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी - अल्का पांडेय
गांधीयन पीपुल्स पार्टी - ऊषा त्रिपाठी
जन अधिकार पार्टी - लक्ष्मी कुशवाहा
निर्दलीय - आशा मिश्रा
निर्दलीय - डॉ. नलिनी खन्ना
निर्दलीय - मधु सेन एडवोकेट
निर्दलीय - मिथिलेश सिंह
निर्दलीय - मंजू दोहरे
इन नियमों का करना होगा पालन
- अभिकर्ता व कार्मिक के लिए मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर रोक
- प्रत्याशी अपने अभिकर्ताओं की नियुक्ति फार्म भरेंगे।
- अभिकर्ता अपने पास के अनुसार निर्धारित जोन व टेबल पर रहेंगे
- दूसरे की टेबल या इधर-उधर टहलने की अनुमति नहीं
- किसी भी व्यक्ति/अभिकर्ता को मतगणना स्थल में प्रवेश पर रोक
- एक समय में केवल प्रत्याशी या उनका अभिकर्ता मतगणना कक्ष में रहेगा
सोशल मीडिया से अफवाह फैलाई तो कार्रवाई
जिलाधिकारी ने संयुक्त पुलिस आयुक्त के साथ मतगणना स्थल पर सुरक्षा के इंतजाम परखे। इस दौरान अफसरों ने संबंधित को निर्देश दिए कि मतगणना के दौरान सोशल मीडिया पर पुलिस नजर रखेगी। यदि किसी तरह की गलत पोस्ट कर अफवाह फैलाई तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।
200 मीटर दूर रहेंगे वाहन
मतगणना स्थल पर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। जो स्थल से 200 मीटर की दूरी पर रहेंगे। जिसके लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जहां ड्यूटी पर लगे अधिकारी व कर्मचारियों को वाहन खड़ा करना होगा। जाम आदि की समस्या से निपटने के लिए पुलिस कर्मी लगाए गए हैं। मतगणना स्थल पर धूम्रपान प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही किसी तरह का प्रतिबंधित सामान नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें:-Gyanvapi Case: High Court ने ASI को दी 'शिवलिंग' की कार्बन डेटिंग करने की इजाजत
