हल्द्वानी: मेडिकल कॉलेज की मजार, नहीं आया दावेदार
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित मजार पर मालिकाना हक को लेकर नोटिस चस्पा किया गया है। लेकिन छह दिन बीतने के बाद अब तक कोई दावेदार आगे नहीं आया है। दावेदारी के लिए आज शुक्रवार तक का समय है।
मेडिकल कॉलेज में स्थित मजार वर्षों पुरानी है। इसकी स्थापना कब, कैसे और किसने की इसके बारे में किसी को जानकारी नहीं है। प्रदेश में अवैध धार्मिक अवस्थापनाओं के निर्माण को लेकर चलाये जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन के निर्देश पर 29 अप्रैल को कॉलेज प्रशासन मजार पर नोटिस चस्पा किया है।
नोटिस में मजार के स्वामित्व से संबंधित अभिलेख 7 दिन के अंदर कार्यालय प्राचार्य मेडिकल कॉलेज में जमा करने को कहा गया है। करीब 6 दिन बीत गए, लेकिन अभी तक कोई दावेदार नहीं पहुंचा है। शुक्रवार तक अगर कोई दावेदार नहीं पहुंचा तो कॉलेज प्रशासन रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज देगा। प्रशासन स्तर से आगे की कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।
मेडिकल कॉलेज की मजार खसरा खतौनी में दर्ज है। कॉलेज प्रबंधन जो भी रिपोर्ट देगा, उस अनुसार कार्रवाई होगी।
- ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट
प्रशासन के आदेश पर नोटिस चस्पा किया गया है। अब तक किसी ने मजार से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई प्रशासन करेगा।
- डॉ. अरुण जोशी, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी
