UP Nikay Chunav 2023: निर्वाचन आयोग ने किए पुख्ता इंतजाम, पहले चरण में दो करोड़ 40 लाख लोग करेंगे मतदान
राज्य ब्यूरो, लखनऊ/अमृत विचार। प्रदेश में हो रहे नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में 10 नगर निगमों, 104 पालिका परिषदों व 276 नगर पंचायतों में वोट पड़ेंगे। नगर निगमों में महापौर के लिए 113 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 830 पार्षद सीटों के लिए 5431 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
इसी तरह, नगर पालिका परिषदों में अध्यक्ष पद की 104 सीटों के लिए 1069 प्रत्याशी व सदस्य की 2776 सीटों के लिए 14859 प्रत्याशी मैदान में हैं। नगर पंचायतों में 276 अध्यक्ष पदो ंके लिए 2932 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि यहां 3682 सदस्य सीटों के लिए 19828 प्रत्याशी मैदान में हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि मतदान वाले जिलों में शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, झांसी, जालौन, ललितपुर, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, उन्नाव, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर-खीरी, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली व जौनपुर में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता पहचान पत्र के अलावा निर्धारित 12 विकल्प दस्तावेज दिखाकर मतदान कर सकेंगे।
18 हजार ईवीएम से होगा नगर निगमों में चुनाव
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि 10 नगर निगमों में महापौर व पार्षदों के लिए ईवीएम से मतदान कराया जाएगा। इसके लिए 18 हजार ईवीएम की व्यवस्था की गई है। ईवीएम में खराबी आने पर उनके बदलने की भ व्यवस्था की गई है, जबकि नगर पालिका व नगर पंचायतों में मत पत्रों की व्यवस्था की गई है।
संवेदनशील मतदेय स्थलों की होगी वीडियोग्राफी
आयोग के अधिकारियों के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारियों को संवेदनशील मतदेय स्थलों को चिन्हित कर मतदान के दौरान वहां पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था कराने के साथ ही वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें:-Allahabad High Court: हाईकोर्ट ने 64 न्यायिक अधिकारियों का किया स्थानांतरण, देखे सूची
