अयोध्या: 55 में से अभी सिर्फ 14 केंद्रों पर हुई गेहूं खरीद
जिले में 15 दिन में हुई 200 एमटी गेहूं की खरीद
अमृत विचार, अयोध्या। गेहूं खरीद शुरू हुए 15 दिन बीत गए हैं बावजूद इसके जिले के कई खरीद केंद्रों पर अब तक बोहनी नहीं हुई है। 55 केंद्रों में से 14 केंद्रों पर खरीद आरंभ हुई है। विभागीय आकड़ों के अनुसार शनिवार तक जिले भर में 107.90 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। किसानों को उनकी फसल का वाजिब मूल्य दिलाने के लिए शासन की ओर से क्रय केंद्र खोले गए हैं। जिले में 55 केंद्र संचालित हो रहे हैं। लेकिन अभी अधिकांश केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। कुछ क्रय केंद्रों पर ही खरीद शुरू हुई है।
डिप्टी आरएमओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 14 केंद्रों पर खरीद आरंभ हो गई है। शनिवार तक सभी केंद्रों पर 24 किसानों का 107 .90 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। बताया कि गेहूं बिक्री के लिए जिले में 628 से अधिक किसान पंजीकरण करा चुके हैं। जिनमें से 204 किसानों का सत्यापन हो चुका है।अधिकांश क्षेत्र में गेहूं की कटाई चल रही है। जल्द ही सभी केंद्रों पर खरीद शुरू हो जाएगी।
दावे कुछ और हकीकत कुछ और, किसानों ने अपनाई बेरुखी
पूराबाजार ब्लॉक क्षेत्र में चार गेहूं क्रय केंद्र खोले गए। साधन सहकारी समिति पूरा बाजार, दर्शननगर, रसूलाबाद और मार्केटिंग विभाग द्वारा राजेपुर में गेहूं क्रय केंद्र खोले गए हैं। लेकिन खरीद के नाम पर अभी जीरो है। सरकार द्वारा गेहूं का रेट 2125 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। जबकि लगभग इसी रेट में बाजार में खरीदारी हो रही है और नगद पैसा भी मिल जा रहा है। किसान उदय राज तिवारी, सूबेदार पांडे, दीपक दूबे, अश्वनी तिवारी, राम प्रगट बताते हैं कि सरकारी क्रय केंद्र पर 2125 रेट है और पैसे के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता है। सरकारी क्रय केंद्र पर बेचने से क्या फायदा है। साधन सहकारी समिति सचिव दयाशंकर यादव ने बताया अभी तक क्रय केंद्र पर कोई किसान गेहूं बेचने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें:- अयोध्या: एसएसपी से शिकायत के बाद वापस मिली राजन को सुरक्षा
