Kanpur में Nand Gopal Nandi बोले- अखिलेश यादव बचकानी बाते करते, BJP की निकाय चुनाव में प्रचंड जीत होगी
कानपुर में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
कानपुर में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष डॉ वीना आर्या पटेल के आवास पर जिला संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बचकानी बात करते है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जनता के लिए कार्य करती भाजपा की निकाय चुनाव में प्रचंड जीत होगी।
कानपुर, अमृत विचार। मंगलवार को औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष के आवास पर जिला संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों से मिलने पहुंचे पूर्व सीएम अखिलेश यादव द्वारा प्रशासन पर सवाल उठाने की बात पर औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि अखिलेश जब भी बात करते हैं तो वह बचकानी बातें करते है। इनके लिए जवाब देने की जरूरत नहीं हैं।
बर्रा दो स्थित भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष डॉ बीना आर्या पटेल के आवास पर औद्योगिक विकास मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी ने जिला इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ आगामी निकाय चुनाव के संबंध में चर्चा की। उन्होंने बैठक के दौरान कहा कि जिला कमेटी के पदाधिकारी या अन्य नेता नगर निकाय चुनाव में पार्षद प्रत्याशियों को टिकट फाइनल कराने का आश्वासन देने से बचें।
औद्योगिक विकास मंत्री से भाजपा की निकाय चुनाव की तैयारी के सवाल पर उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर एक अलग उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश की 130 करोड़ की जनता को अपना परिवार मानते है और प्रदेश की बागडोर कर्मयोगी मुख्यमंत्री के हाथों में है। प्रदेश के अंतिम गांव तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सेवा ही संगठन है इसको भाजपा ने करके दिखाया है। कोविड काल के कठिन समय के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों की सेवा की। अप्रवासी उत्तर भारतीयों को भी सारी सुविधाएं मुहैया कराईं गई।
प्रधानमंत्री ने 80 करोड़ जनता को मुफ्त राशन की व्यवस्था कराई। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि चुनाव के लिए भाजपा को बहुत तैयारी की आवश्यकता नहीं है। हमारे सारे कार्यकर्ता हर वक्त जनता की सेवा को तैयार रहते है। निकाय चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से विजयी होगी। कानपुर मेयर सीट के दावेदारी के सवाल पर बताया कि संगठन के सर्वोच्च लोगों के बाद सबकी सहमति से निर्णय लिया जाएगा। प्रत्याशी कमल का फूल है, जिसको मिलेगा वह जीतेगा।
अग्निकांड से पीड़ित व्यापारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि आग की घटना की जानकारी होने के बाद ही प्रशासन ने गंभीरता के साथ कार्य किया है। व्यापारियों को नुकसान से बचाने के लिए आस-पास के जनपदों से भी मदद मांगी गई, लेकिन अग्निकांड में व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है।
उमेश पाल हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी के सवाल पर बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में प्रमुख रूप से विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, प्रबोध मिश्रा, राम बहादुर यादव, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी मौजूद रहे।
